Bihar News : भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप के गांव बड्डी में तिलक उत्सव की भव्य तैयारियां शुरू, 24 जून को नामचीन हस्तियाँ होंगी शामिल
Bihar News : भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप के पैतृक गांव बड्डी (रोहतास जिला) में तिलक उत्सव की भव्य तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो चुकी हैं.....पढ़िए आगे
SASARAM : भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप जल्द ही परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं। उनके पैतृक गांव बड्डी (रोहतास जिला) में तिलक उत्सव की भव्य तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो चुकी हैं। इस मांगलिक उत्सव को लेकर पूरे गांव में भारी उत्साह का माहौल है। देश के लिए खेलने वाले अपने माटी के लाल के इस विशेष दिन का गवाह बनने के लिए हर कोई बेताब है।
तिलक उत्सव में शामिल होंगी बिहार की कई बड़ी हस्तियां
आकाशदीप के इस तिलक समारोह को बेहद खास बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस भव्य आयोजन में बिहार की कई राजनीतिक, प्रशासनिक और खेल जगत की नामचीन हस्तियां शामिल होंगी। इसके साथ ही क्रिकेट जगत के भी कई दिग्गज खिलाड़ियों के बड्डी गांव पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा और मेहमाननवाजी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
लव मैरिज नहीं, पूरी तरह अरेंज मैरिज है यह शादी
आकाशदीप की शादी को लेकर चल रही तरह-तरह की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए उनके परिवार ने बड़ा बयान दिया है। क्रिकेटर आकाशदीप की मां और बहन ने स्पष्ट रूप से मीडिया को बताया कि यह कोई लव मैरिज नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से दोनों परिवारों की सहमति से तय हुई एक पारंपरिक 'अरेंज मैरिज' है। पारिवारिक रीति-रिवाजों और रीति-नीति के अनुसार ही विवाह की सभी रस्में संपन्न की जा रही हैं।
कौन हैं अक्षिता राज? 24 तारीख को उठेगा रहस्य से पर्दा
क्रिकेटर आकाशदीप की होने वाली जीवनसंगिनी अक्षिता राज को लेकर प्रशंसकों और पूरे बिहार के लोगों में भारी उत्सुकता बनी हुई है। अक्षिता राज कौन हैं, कहां की रहने वाली हैं और उनका पारिवारिक बैकग्राउंड क्या है— इन सभी बातों का खुलासा आगामी 24 जून को होने जा रहा है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि 24 तारीख को इस शुभ अवसर पर पूरे बिहार और उनके प्रशंसकों को अक्षिता राज के बारे में सब कुछ विस्तार से पता चल जाएगा।
सोनू की रिपोर्ट