Ram Navami security:सासाराम में रामनवमी पर हाई अलर्ट, दो साल पुराने हुआ था बवाल, अबकी बार प्रशासन है चौकन्ना, हर गली में बनाया गया है सुरक्षा का घेरा
Rohtas Ram Navami security:दो साल पहले जुलूस के बाद हुए उपद्रव को ध्यान में रखते हुए सासाराम जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है
Sasaram: रामनवमी के मौके पर इस बार माहौल श्रद्धा और सतर्कता दोनों का नजर आ रहा है। दो साल पहले जुलूस के बाद हुए उपद्रव को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
प्रशासन ने पहले ही नगर पूजा कमेटी और मोहर्रम कमेटी के साथ बैठक कर शांति का खाका तैयार कर लिया था। अब संवेदनशील इलाकों में दंडाधिकारियों की तैनाती कर दी गई है, ताकि किसी भी नाजुक हालात को तुरंत कंट्रोल किया जा सके। पूरे शहर में पुलिस बल की भारी मौजूदगी देखी जा रही है। रोहतास के एसपी रौशन कुमार खुद हालात की निगरानी कर रहे हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए हैं। प्रशासन का साफ संदेश है गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं।
वहीं दूसरी ओर, पूरा सासाराम राममय हो चुका है। जगह-जगह भव्य द्वार बनाए गए हैं, भगवान श्रीराम की मूर्तियां स्थापित की गई हैं और पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो चुका है। शहर की गलियां भगवा झंडों, राम पताकाओं और हनुमान जी के ध्वजों से सजी हुई हैं। हर तरफ भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। हालांकि, पिछले वर्षों में रामनवमी के दौरान सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस बार प्रशासन चौकन्ना है।
आज सासाराम में भव्य जुलूस निकाला जाएगा, जो शिव घाट से शुरू होकर हनुमानगढ़ तक जाएगा। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जुलूस के रूट में भी बदलाव किया है। कुल मिलाकर, सासाराम इस बार श्रद्धा, सजावट और सख्ती के त्रिकोण में नजर आ रहा है जहां एक तरफ भक्ति का रंग चढ़ा है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासन हर हाल में शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार