सरकारी विद्यालय बदहाली पर भड़के विधायक बशिष्ठ सिंह, कहा– “शिक्षा में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी”
Sasaram : रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक वशिष्ठ सिंह ने बुधवार को प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे बड़की खराड़ी प्लस टू हाई स्कूल, करगहर प्लस टू हाई स्कूल और डिभियाँ हाई स्कूल पहुंचे। विशेष रूप से बड़की खराड़ी स्कूल में अव्यवस्था देखकर विधायक काफी नाराज हुए। उन्होंने पाया कि साइंस और आर्ट्स के छात्रों को एक ही कमरे में बिठाया जा रहा है और फिजिक्स की शिक्षिका की अनुपस्थिति में केमिस्ट्री के शिक्षक क्लास ले रहे थे।
भावुक हुए विधायक: 'इसी स्कूल से की थी मैट्रिक की पढ़ाई'
निरीक्षण के दौरान विधायक वशिष्ठ सिंह भावुक भी नजर आए। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं इसी बड़की खराड़ी विद्यालय से मैट्रिक तक की शिक्षा प्राप्त की थी। अपने पुराने विद्यालय की वर्तमान दुर्दशा, खराब पंखे और बैठने की समुचित व्यवस्था न होने पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को सख्त लहजे में कहा कि जिस संस्थान ने उन्हें गढ़ा, उसकी ऐसी स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षकों को निर्देश: 'बच्चों को अपने बेटे-बेटी की तरह पढ़ाएं'
विधायक ने शिक्षकों को नसीहत देते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे आते हैं, इसलिए शिक्षकों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को पूरी ईमानदारी के साथ अपने संतान की तरह शिक्षा दें। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन छात्र-छात्राओं की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होगी, उन्हें परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि छात्र पढ़ाई के प्रति गंभीर रहें।
स्टेडियम का कायाकल्प: बाउंड्री वॉल और मिट्टी भराई का ऐलान
विद्यालयों के निरीक्षण के बाद विधायक करगहर हाई स्कूल स्थित जगजीवन स्टेडियम पहुंचे। वहां स्टेडियम की बदहाली और मैदान में बने गड्ढों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। विधायक ने घोषणा की कि एक सप्ताह के भीतर स्टेडियम में मिट्टी भराई का कार्य शुरू होगा। साथ ही, उन्होंने अपने निजी मद से स्टेडियम की बाउंड्री वॉल बनवाने का आश्वासन दिया ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
प्रशासनिक मुस्तैदी और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस निरीक्षण के दौरान रोहतास के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) मदन राय भी मौजूद रहे, जिन्होंने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष अरविंद सिंह और पूर्व मुखिया गुप्तेश्वर सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। विधायक के इस कड़े रुख के बाद क्षेत्र के सरकारी संस्थानों में हड़कंप का माहौल है और व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जागी है।
नरोत्तम की रिपोर्ट