सरकारी महोत्सव में अश्लील गीतों की गूंज! छठ महापर्व के बीच बीजेपी के MLC एवं पावर स्टार पवन सिंह की प्रस्तुति पर उठे सवाल
सरकारी महोत्सव में अश्लील गीतों की गूंज! छठ महापर्व के बीच बीजेपी के MLC एवं पावर स्टार पवन सिंह की प्रस्तुति पर उठे सवाल
लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर रोहतास जिले के प्रसिद्ध भलूनी धाम महोत्सव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मां भवानी के इस पवित्र और ऐतिहासिक धाम में सरकार के स्तर पर आयोजित महोत्सव के दौरान भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह की प्रस्तुति में कथित तौर पर द्विअर्थी और अश्लील गीत गाए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं, बुद्धिजीवियों और आम लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।
भलूनी धाम न केवल जिले बल्कि पूरे क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। छठ जैसे शुद्धता और सात्विकता वाले महापर्व के बीच ऐसे पवित्र परिसर में फूहड़ गीतों की प्रस्तुति को लोगों ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया है। सोशल मीडिया पर कार्यक्रम के वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने आयोजकों और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर तीखे सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
लोगों का मुख्य सवाल यह है कि जब यह एक सरकारी महोत्सव था और इसका आयोजन धार्मिक स्थल पर हो रहा था, तो मंच पर प्रस्तुत किए जाने वाले गीतों की सूची और उनकी सामग्री की पहले से जांच क्यों नहीं की गई? प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में इस तरह के गीतों की अनुमति किसने दी और मंच से ऐसे गानों को समय रहते रोका क्यों नहीं गया?
विवाद बढ़ने के बाद महोत्सव की गरिमा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकारी महोत्सवों का उद्देश्य क्षेत्र की लोक संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देना होता है, न कि सस्ती लोकप्रियता के नाम पर धार्मिक स्थलों की मर्यादा भंग करना। फिलहाल, इस पूरे मामले में प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही तय करने की मांग तेज हो गई है।
रिपोर्ट. रंजन सिंह राजपूत