Bhojpuri Actor Pawan Singh:बिहार की इस कोर्ट में आज पेश होंगे पावर स्टार पवन सिंह, जानें क्या है मामला?

Bhojpuri Actor Pawan Singh:भोजपुरी के पावर स्टार के नाम से चर्चित अभिनेता पवन आज यानी मंगलवार को कोर्ट में पेश होंगे।....

Power Star Pawan Singh to Appear in Rohtas Court Today in MC
आज कोर्ट में पेश होंगे पावर स्टार पवन सिंह- फोटो : social Media

Bhojpuri Actor Pawan Singh:भोजपुरी के पावर स्टार के नाम से चर्चित अभिनेता पवन आज यानी मंगलवार को कोर्ट में पेश होंगे। लोकसभा चुनाव 2024 की सियासी जंग भले ही थम चुकी हो, लेकिन उसके दौरान हुई कथित कानूनशिकनी की फाइलें अब अदालतों में खुल रही हैं। इसी कड़ी में भोजपुरी सिनेमा के दबंग सितारे और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पवन सिंह आज रोहतास जिले के डेहरी व्यवहार न्यायालय में पेश होंगे। चुनावी शोर-शराबे से निकलकर अब मामला सीधे कोर्ट की चौखट तक पहुंच चुका है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह 11:30 बजे डेहरी व्यवहार न्यायालय में पवन सिंह की पेशी तय है। यह पेशी लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के एक मामले में हो रही है। आरोप है कि चुनाव प्रचार के वक्त तय अनुमति से ज्यादा वाहनों के साथ रोड शो निकाला गया, जिसे कानून की नजर में सीधा नियमों का उल्लंघन माना गया।

बताया जा रहा है कि पवन सिंह ने 2024 का चुनाव काराकाट लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लड़ा था। चुनावी मैदान में उनकी मौजूदगी ने सियासी माहौल को गरमाया जरूर, लेकिन अब वही चुनावी जोश उनके लिए कानूनी पचड़े में तब्दील होता दिख रहा है। प्रशासन का दावा है कि रोड शो के दौरान गाड़ियों की संख्या तय सीमा से ज्यादा थी, जो आचार संहिता का खुला उल्लंघन है।

इसी आरोप को लेकर न्यायालय ने पवन सिंह को तलब किया है। आज कोर्ट में उनकी हाजिरी के दौरान यह साफ होगा कि मामला महज तकनीकी चूक था या फिर नियमों की जानबूझकर अनदेखी। कोर्ट परिसर में पेशी को लेकर हलचल तेज है, क्योंकि भोजपुरी स्टार की मौजूदगी हमेशा भीड़ और चर्चा को खींच लाती है।

सूत्रों के मुताबिक, डेहरी कोर्ट में पेशी के बाद पवन सिंह को बिक्रमगंज व्यवहार न्यायालय में भी हाजिर होना है। यानी एक दिन में दो-दो अदालतों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में आज का दिन उनके लिए सिनेमा के सेट से कहीं ज्यादा सख्त और सवालों से भरा रहने वाला है।

कानून के जानकारों का कहना है कि आचार संहिता उल्लंघन के मामलों में कोर्ट सख्त रुख अपनाता है, ताकि चुनावी माहौल में मनमानी पर लगाम कसी जा सके। अब देखना यह है कि पवन सिंह इस कानूनी इम्तिहान से किस तरह बाहर निकलते हैं बाइज्जत बरी होकर या फिर इस केस की लंबी पेशियों में उलझकर। कोर्ट की कार्रवाई के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

रिपोर्ट- रंजन सिंह राजपूत