Bihar teacher road accident: सड़क हादसे ने छीनी मास्टर साहब की जिंदगी, तेज रफ्तार कार खंभे से टकराई, हादसे में शिक्षक की मौत, पत्नी की हालत गंभीर
Bihar teacher road accident:तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई, और इस दर्दनाक हादसे में एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई...
Bihar teacher road accident:रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। आयर कोठा इलाके में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई, और इस दर्दनाक हादसे में एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतक की पहचान बराढी गांव निवासी 51 वर्षीय अजय सिंह के रूप में हुई है, जो डालमिया नगर स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में हिंदी के शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे अपने परिवार के साथ गया जी से एक रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। अचानक कार का नियंत्रण बिगड़ा और पलभर में खुशियों का सफर मातम में बदल गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शिक्षक अजय सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी रीना देवी और 21 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्कूल में भी सहकर्मी शिक्षकों और छात्रों के बीच मातम का माहौल है। हर किसी की जुबान पर बस यही सवाल है कि आखिर एक हंसता-खेलता परिवार इस तरह सड़क हादसे का शिकार कैसे हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह हो सकती है। यह दर्दनाक घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की अहमियत को सामने लाती है। एक शिक्षक, जो समाज को ज्ञान का प्रकाश देता था, आज उसी सड़क की भेंट चढ़ गया और पीछे छोड़ गया एक ऐसा सन्नाटा, जिसे भर पाना आसान नहीं।
रिपोर्ट- रंजन कुमार