बिहार के रोहतास में महज 8 मिनट में ₹32 लाख की बड़ी लूट, पुलिस को देख बोलेरो छोड़ भागे बदमाश

बिहार के रोहतास जिले के कोचस में एक्सिस बैंक के एटीएम से बदमाशों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर महज 8 मिनट में 32 लाख से अधिक की राशि लूट ली। पुलिस की घेराबंदी देख अपराधी अपनी बोलेरो गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।

rohtas kochas axis bank atm loot 32 lakh gas cutter
रोहतास में महज 8 मिनट में ₹32 लाख की बड़ी लूट- फोटो : news 4 nation

बिहार के रोहतास जिले में बेखौफ बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एटीएम लूट की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। इस बड़ी घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपराधियों ने जिस पेशेवर और सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया, उसने पुलिस प्रशासन और आम लोगों दोनों को पूरी तरह हैरान कर दिया है।


महज 8 मिनट में 32 लाख से अधिक कैश लेकर अपराधी रफूचक्कर

यह मामला रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के बस डिपो के पास स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम का है। जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने महज 8 मिनट के भीतर इस भीषण चोरी को अंजाम दिया। बदमाश अपने साथ गैस कटर लेकर आए थे, जिससे उन्होंने एटीएम का कैश बॉक्स बड़ी सफाई से काट डाला और उसमें रखे 32 लाख रुपये से अधिक का कैश निकालकर मौके से फरार हो गए।


पुलिस को देख बोलेरो गाड़ी छोड़कर भागे पांच बदमाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आई और अपराधियों का पीछा करना शुरू कर दिया। मोहनिया की तरफ भाग रहे बदमाशों को जब पुलिस ने खदेड़ा, तो वे घबराकर अपनी बोलेरो गाड़ी रास्ते में ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस के अनुसार, इस पूरी वारदात को पांच की संख्या में आए अपराधियों ने अंजाम दिया है, जिनकी तलाश में नाकेबंदी की जा रही है।


इलाके में दहशत, बैंक और कैश एजेंसी से पूछताछ में जुटी पुलिस

इस दुस्साहसिक लूट के बाद से स्थानीय इलाके में दहशत का माहौल है। मामले पर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस तमाम बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अब संबंधित बैंक अधिकारियों और एटीएम में कैश लोड करने वाली एजेंसी से जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अपराधियों को एटीएम के भीतर इतनी बड़ी रकम होने की सटीक सूचना कैसे मिली।