पुलिस की वर्दी पहनकर रील बनाना पड़ा महंगा, दो क्रिएटर्स समेत 4 गिरफ्तार; नकली रायफल और पिस्टल बरामद
रील बनाने का शौक चार युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने डेहरी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से दो वीडियो क्रिएटर्स और उनके दो साथियों को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस की वर्दी पहनकर और बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो के साथ वीडियो बना रहे थे। इनके पास से लकड़ी क
Dehri : बिहार के रोहतास जिले से रील बनाने के जुनून में कानून की मर्यादा लांघने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस की वर्दी पहनकर वीडियो बनाना चार युवकों को बेहद महंगा पड़ गया। डेहरी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो चर्चित वीडियो क्रिएटर्स समेत चार युवकों को उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वे फर्जी पुलिसकर्मी बनकर सड़क पर रौब झाड़ रहे थे। पकड़े गए युवकों की पहचान रोहतास के शत्रुघ्न कुमार, राहुल कुमार, शशि कुमार और औरंगाबाद के प्रिंस कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डेहरी के पावर ग्रिड के पास कुछ युवक पुलिस की वर्दी में एक बिना नंबर वाली स्कॉर्पियो के साथ संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना के आधार पर जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो देखा कि युवक वर्दी पहनकर आने-जाने वाले लोगों को रोक रहे थे और वीडियो शूट कर रहे थे। पुलिस को देखते ही इन रील बनाने वालों के होश उड़ गए और घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

तलाशी के दौरान इनके पास से भारी मात्रा में नकली साजो-सामान बरामद हुआ, जिसका इस्तेमाल ये वीडियो बनाने के लिए कर रहे थे। बरामद सामानों में दो लकड़ी की बनी 4 फीट लंबी नकली रायफलें, 5 प्लास्टिक के पिस्टल, एक फाइबर का पिस्टल, पुलिस की वर्दी, बिहार पुलिस का लोगो, पी-कैप और फाइबर स्टिक शामिल हैं। पुलिस ने वह स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी।

मामले की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए डेहरी के एएसपी अतूलेश झा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक 'स्वांग' रचकर लोगों को भ्रमित कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यद्यपि इनके हथियार लकड़ी और प्लास्टिक के थे, लेकिन इनके द्वारा पहनी गई वर्दी और उस पर लगा बिहार पुलिस का लोगो पूरी तरह असली था। युवकों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए इस तरह के वीडियो बनाते थे।


पुलिस ने इस मामले में डेहरी मुफस्सिल कांड संख्या 21/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की विभिन्न धाराओं और बिहार पुलिस एक्ट की धारा 73 के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस घटना ने सोशल मीडिया के लिए कानून का उल्लंघन करने वाले अन्य क्रिएटर्स के बीच हड़कंप मचा दिया है, क्योंकि पुलिस ने साफ कर दिया है कि रील के नाम पर वर्दी का दुरुपयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Report - ranjan kumar