मंत्री अशोक चौधरी बोले- तय समय में काम नहीं तो अधिकारियों पर कार्रवाई
रोहतास जिले में बिहार सरकार की ओर से “सबका सम्मान – जीवन आसान” अभियान के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने विभिन्न पंचायतों में आयोजित शिविरों में शामिल होकर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त
Rohtas : जिले में बिहार सरकार की ओर से आयोजित “सहयोग शिविर” कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी ने किया। “सबका सम्मान – जीवन आसान” संकल्प के तहत आयोजित यह विशेष शिविर राज्य की सभी पंचायतों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को लगाया जाएगा, जिसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
रोहतास आगमन पर एनडीए कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मंत्री अशोक चौधरी का गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने दौरे की शुरुआत करते हुए उन्होंने नासरीगंज प्रखंड की परसिया पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने नोखा प्रखंड की चनकी पंचायत, संझौली प्रखंड की चांदी इंग्लिश पंचायत तथा सासाराम प्रखंड की करूप पंचायत में आयोजित शिविरों में शामिल होकर लोगों की समस्याएं सुनीं।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के बाद लाभार्थियों के बीच राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, राजस्व विभाग की रसीदें तथा बैटरी चालित ट्राइसाइकिल वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी मंत्री के हाथों संपन्न कराया गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि सहयोग पोर्टल के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का समाधान 30 दिनों के भीतर हर हाल में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदनों का निष्पादन नहीं होने पर संबंधित अधिकारी स्वतः निलंबित माने जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार अब सीधे पंचायत स्तर पर पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है, जिससे आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। मंत्री ने बताया कि रोहतास जिले में अब तक 36 विभागों से संबंधित कुल 2021 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1457 आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही शेष मामलों का भी समाधान कर दिया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि रोहतास जिले के विकास और यहां के लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
दौरे के समापन पर मंत्री अशोक चौधरी ने जिला अतिथिगृह में एनडीए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक एवं विकासात्मक विषयों पर चर्चा की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक रौशन सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष बिंदा चंद्रवंशी, प्रदेश महासचिव रंजीत कुमार झा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।