कोर्ट में पैरवी और घर में कट्टा-पिस्तौल: सासाराम पुलिस ने अधिवक्ता दंपति को 18 कारतूसों के साथ दबोचा
सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का टशन एक अधिवक्ता को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद सासाराम पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के तकिया में छापेमारी कर अधिवक्ता राजकमल प्रसाद और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया है।
Sasaram - सासाराम में सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अधिवक्ता और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। नगर थाना क्षेत्र के तकिया इलाके में की गई इस छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अधिवक्ता राजकमल प्रसाद और उनकी पत्नी धर्मशिला देवी के रूप में हुई है।
एसडीपीओ-2 कुमार वैभव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने चिन्हित स्थान पर छापेमारी की थी। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्तौल, एक देसी कट्टा, 8 एमएम के 6 जिंदा कारतूस, 10 पिस्तौल के जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद हथियार पूरी तरह से अवैध हैं और इस संबंध में सासाराम नगर थाना में कांड संख्या 140/26 दर्ज किया गया है।
हिरासत में लिए गए अधिवक्ता राजकमल प्रसाद ने खुद स्वीकार किया है कि पुलिस ने उनके घर पर छापेमारी कर हथियार बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस सुबह उनके घर पहुंची और जांच के दौरान कट्टा, पिस्तौल और कारतूस मिलने की बात कहते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। अधिवक्ता ने यह भी स्वीकार किया कि पुलिस ने इन बरामदगियों के आधार पर सीजर लिस्ट (जब्ती सूची) तैयार की है।
फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सासाराम पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि इन अवैध हथियारों का स्रोत क्या है और इन्हें घर में रखने के पीछे क्या मंशा थी। दिनदहाड़े एक अधिवक्ता के घर से हथियारों की इस बड़ी खेप की बरामदगी ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है।
Report - Ranjan kumar