Bihar Crime: कैदी की मौत पर बवाल, जेल प्रशासन पर कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने सड़क किया जाम

Bihar Crime: मंडल कारा में बंद एक कैदी की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।...

Sasaram Prisoner Death Sparks Protest Road Blockade
कैदी की मौत पर बवाल- फोटो : reporter

Bihar Crime: सासाराम में मंडल कारा में बंद एक कैदी की मौत के बाद मंगलवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक कैदी अमरजीत यादव के परिजनों और समर्थकों ने पोस्ट ऑफिस चौराहा पर सड़क जाम कर जमकर विरोध जताया। प्रदर्शन के चलते मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था चरमरा गई। मौके पर विभिन्न संगठनों के लोग भी पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।

जानकारी के मुताबिक तिलौथू निवासी अमरजीत यादव को करीब दो दिन पहले शराब से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी उत्पाद विभाग की टीम ने की थी। इसके बाद उसे सासाराम मंडल कारा भेज दिया गया। जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसे कैदी वार्ड में रखा गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

कैदी की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पोस्ट ऑफिस चौराहा पर जुट गए और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कैदी की मौत की पूरी जांच होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।प्रदर्शन में भीम आर्मी समेत अन्य संगठनों के लोग भी शामिल हुए। संगठनों ने जेल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

सड़क जाम होने के कारण चौराहा पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। फिलहाल कैदी की मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति जांच के दायरे में है। प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं

रिपोर्ट- रंजन कुमार