पति की हत्या के सदमे में महिला ने दो बच्चों संग खाया जहर, मां की मौत, बच्चों की स्थिति नाजुक, परिवार में हड़कंप
सासाराम के मुरादाबाद में पति हसन रजा खान की हत्या के सदमे में पत्नी रेशमा खातून ने दो बच्चों संग जहर खाया। इलाज के दौरान पत्नी की मौत, बच्चों की हालत नाजुक। पढ़ें पूरी खबर।
Sasaram - : बिहार के सासाराम से एक मर्माहत कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां पति की हत्या के सदमे को एक महिला बर्दाश्त नहीं कर सकी. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद की रहने वाली रेशमा खातून ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहर खा लिया था, जिसकी आज इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं, उसके दोनों बच्चों की स्थिति अब भी अत्यंत नाजुक बनी हुई है.
जमीन विवाद में हुई थी पति की बेरहमी से हत्या
घटना की पृष्ठभूमि पिछले महीने की 24 तारीख से जुड़ी है. 24 मार्च को मुरादाबाद इलाके में जमीन खरीद-बिक्री के विवाद को लेकर हसन रजा खान नामक युवक की दिनदहाड़े बीच सड़क पर चार लोगों ने मिलकर पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. इस दर्दनाक हत्याकांड के बाद से ही मृतक की पत्नी रेशमा खातून गहरे सदमे में थी. पति को खोने के गम में विचलित होकर उसने कल अपनी 4 साल की बेटी तैयबा और डेढ़ साल के बेटे हमजद के साथ जहर गटक लिया.
वाराणसी में चल रहा है मासूमों का इलाज
जहर खाने के बाद तीनों की हालत बिगड़ती देख उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया था. इलाज के दौरान रेशमा खातून ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके दोनों अबोध बच्चे जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है. एक हंसता-खेलता परिवार जमीन विवाद की भेंट चढ़ गया.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
इस पूरे प्रकरण पर SDPO-2 कुमार वैभव ने बताया कि हसन रजा खान हत्याकांड में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. उन्होंने कहा कि महिला द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के बाद पुलिस पूरे मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है. प्रशासन पीड़ित परिवार के बच्चों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
रिपोर्ट - रंजन कुमार