छात्र अभिषेक हत्याकांड का खुलासा : प्रेम प्रसंग और विवाद में हुई थी सुनियोजित हत्या , 1 आरोपी गिरफ्तार 2 की तलाश जारी

तीन पहले हुए छात्र अभिषेक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अभिषेक की हत्या प्रेम-प्रसंग और पुराने विवाद को लेकर उसके दोस्त द्वारा ही की गई थी......

छात्र अभिषेक हत्याकांड का खुलासा : प्रेम प्रसंग और विवाद में
प्रेम-प्रसंग में हुई थी छात्र अभिषेक की हत्या- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : सासाराम के धौधड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-19 पर तीन दिन पूर्व (21 जुलाई की देर रात) हुए बीएससी नर्सिंग के छात्र अभिषेक कुमार की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के मित्र अथर्व भारद्वाज को नौहट्टा से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक अभिषेक शेरशाह नर्सिंग कॉलेज का छात्र था और मूल रूप से शिवसागर थाना क्षेत्र के भद्रशिला गांव का रहने वाला था।


सड़क दुर्घटना नही सुनियोजित तरीके से की गई थी हत्या

आरंभिक जांच में पुलिस इसे महज एक सड़क दुर्घटना मान रही थी, क्योंकि शव को ठिकाने लगाने ले जा रही स्विफ्ट कार की एक कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई थी, जिसमें आरोपी भी घायल हो गए थे। हालांकि, गहन छानबीन और गिरफ्तार आरोपी अथर्व भारद्वाज से पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह एक सोची-समझी हत्या थी। पूछताछ में सामने आया कि इस हत्याकांड में कुल तीन अभियुक्त शामिल थे, जिनमें से दो (रंजीत कुमार पासवान और संजीव कुमार) अभी भी फरार हैं।


बहन के साथ प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने रची थी हत्या की साजिश

जांच में हत्या की मुख्य वजह प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक अभिषेक कुमार का रंजीत कुमार पासवान की बहन के साथ कुछ संबंध था, जिससे रंजीत नाराज रहता था। इसके अलावा, इससे पहले एक हुंडई कार को लेकर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इन्हीं कारणों के चलते रंजीत पासवान ने अपने साथियों के साथ मिलकर अभिषेक को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।


हत्या के बाद आरोपी अभिषेक के शव को संजीव कुमार गुप्ता की कार में रखकर छुपाने के लिए ले जा रहे थे, तभी रास्ते में कंटेनर ट्रक से उनकी कार की टक्कर हो गई और दुर्घटना के बहाने पूरी वारदात की पोल खुल गई।


फरार दो अभियुक्तों की तलाश जारी

सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस सनसनीखेज कांड में शामिल अन्य दोनों फरार अभियुक्तों—रंजीत पासवान तथा संजीव कुमार—को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


रंजन की रिपोर्ट