मोहर्रम पर निकला ताजिया जुलूस: चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, डीएम और एसपी खुद संभाल रहे हैं कमान

रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में आज मोहर्रम के अवसर सुबह से ही शहर के अलग-अलग इलाकों से ताजिया जुलूस निकलने का सिलसिला जारी है। वहीं इस दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिया घटना न हो इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है...

मोहर्रम पर निकला ताजिया जुलूस: चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, ड
सासारा में मोहर्रम पर निकला ताजिया जुलूस, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में आज मोहर्रम के अवसर पर पारंपरिक और अकीदत के साथ ताजिया का जुलूस निकाला जा रहा है। सुबह से ही शहर के अलग-अलग इलाकों से ताजिया जुलूस निकलने का सिलसिला जारी है। त्योहार को भाईचारे और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।


डीएम और एसपी खुद कर रहे हैं मॉनिटरिंग 

मोहर्रम सुरक्षा को लेकर रोहतास के जिलाधिकारी (डीएम) दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) रौशन कुमार खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। दोनों आला अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष नजर रखी है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।


संवेदनशील जगहों पर दंडाधिकारियों की तैनाती 

सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त के तहत सासाराम के सभी चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ-साथ दंडाधिकारियों (मैजिस्ट्रेट) की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भी विशेष ड्यूटी पर लगाया गया है। उपद्रवियों पर नजर रखने के लिए मुख्य रास्तों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।


निर्धारित रूट से ही जुलूस निकालने के निर्देश 

शांति समिति की बैठकों में तय किए गए नियमों के अनुसार, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ताजिया जुलूस केवल उन्हीं रास्तों से गुजरेगा जो पहले से निर्धारित (रूट चार्ट) किए गए हैं। तय रूट से अलग जाने की अनुमति किसी भी अखाड़े या जुलूस को नहीं दी गई है। सभी जुलूस कमेटियों से इस निर्देश का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।


अफवाहों से बचने और सूचना देने की अपील 

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि अगर कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे या कोई अफवाह फैलाता नजर आए, तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दें ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।

रंजन की रिपोर्ट