Bihar News:सेल्फी का सनक बना जानलेवा, इंद्रपुरी बराज पर तेज बहाव में फंसे तीन युवक, स्थानीय लोगों की बहादुरी से टला बड़ा हादसा

Bihar News: रोहतास के इंद्रपुरी बराज पर सोमवार को सेल्फी लेने का शौक तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित होते-होते बच गया।...

Three Youths Rescued After Selfie Mishap at Indrapuri Barrag
सेल्फी का सनक बना जानलेवा- फोटो : reporter

Bihar News: रोहतास के इंद्रपुरी बराज पर सोमवार को सेल्फी लेने का शौक तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित होते-होते बच गया। अचानक बढ़े जलस्तर और तेज बहाव ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बराज पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ पल के लिए ऐसा लगा कि बड़ा हादसा हो जाएगा, लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ, हिम्मत और फुर्ती ने तीनों युवकों की जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक बराज के पास खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वे बीच धारा में फंस गए। युवकों की चीख-पुकार सुनते ही आसपास मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते हुए इस प्रयास से एक संभावित त्रासदी टल गई।घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। सूचना मिलते ही इंद्रपुरी बराज पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि नदियों, बराजों, बांधों और अन्य जलाशयों के किनारे सेल्फी लेने का शौक कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है। बरसात के मौसम में जलस्तर अचानक बढ़ने और तेज बहाव आने की आशंका बनी रहती है, जिससे कुछ सेकंड की लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इंद्रपुरी बराज जैसे संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाई जाए तथा लोगों को खतरे वाले क्षेत्रों में जाने से रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

रिपोर्ट- रंजन सिंह राजपूत