Bihar News: सूरत की फैक्ट्री में मौत का टैंक, रोहतास के चार मजदूरों की दम घुटने से दर्दनाक मौत, गांवों में पसरा मातम
Bihar News: रोहतास जिले के अलग-अलग गांवों से ताल्लुक रखने वाले चार मजदूरों की गुजरात में हुए दर्दनाक हादसे में मौत हो गई।
Bihar News: रोहतास जिले के अलग-अलग गांवों से ताल्लुक रखने वाले चार मजदूरों की गुजरात में हुए दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। यह हादसा सूरत शहर के पांडेसरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित पारस प्रिंट प्राइवेट लिमिटेड की साड़ी रंगाई मिल में हुआ, जहां अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र (EPT) के भूमिगत टैंक की सफाई के दौरान मजदूर जहरीली गैस और दम घुटने का शिकार हो गए। इस हादसे की खबर मिलते ही बिहार के गांवों में मातम का माहौल पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार टैंक की सफाई के दौरान अचानक मजदूरों की तबीयत बिगड़ने लगी। आशंका जताई जा रही है कि टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण मजदूर बेहोश हो गए और देखते ही देखते यह हादसा जानलेवा साबित हो गया।
सबसे पहले मौत की खबर शिवसागर थाना क्षेत्र के गिरधरिया गांव के वार्ड नंबर-7 निवासी सोनू पासवान की सामने आई। इसके बाद करगहर थाना क्षेत्र के घोडीहा गांव निवासी अंकित पासवान, कोचस थाना क्षेत्र के कपसिया गांव निवासी संदीप कुमार और अमरेंद्र पासवान के गंभीर रूप से झुलसने और बेहोश होने की खबर आई थी।शुरुआत में उम्मीद थी कि इलाज से उनकी जान बचाई जा सकेगी, लेकिन बाद में खबर आई कि इलाज के दौरान इन तीनों मजदूरों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस दर्दनाक हादसे में चार मजदूरों की जान चली गई।
घटना की सूचना जैसे ही रोहतास जिले के इन गांवों तक पहुंची, परिजनों के बीच कोहराम मच गया। घरों में मातम का माहौल है और परिजन बदहवास होकर रो-रोकर अपने प्रियजनों को याद कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों के परिवार के कई सदस्य सूरत के लिए रवाना हो गए हैं, ताकि वहां पहुंचकर पूरी जानकारी ले सकें और शव को वापस गांव ला सकें।स्थानीय लोगों का कहना है कि मजदूरों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतार दिया गया था, जिसके कारण यह भयावह हादसा हुआ। फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।यह हादसा एक बार फिर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है और प्रवासी श्रमिकों की बदहाल स्थिति को उजागर करता है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार