रोहतास में दुखद हादसा: डेहरी पुलिस लाइन में ट्रेनिंग के दौरान हीट वेव की चपेट में आए प्रशिक्षु सिपाही की इलाज के दौरान मौत

बिहार के रोहतास जिले के डेहरी पुलिस लाइन में ट्रेनिंग के दौरान भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में आने से बीमार हुए समस्तीपुर निवासी प्रशिक्षु सिपाही श्रीराम कुमार की पटना एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई

रोहतास में दुखद हादसा: डेहरी पुलिस लाइन में ट्रेनिंग के दौरा
डेहरी पुलिस लाइन में ट्रेनिंग के दौरान हीट वेव की चपेट में आए प्रशिक्षु सिपाही की मौत- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : बिहार के रोहतास जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। डेहरी स्थित पुलिस लाइन में ट्रेनिंग के दौरान दौड़ लगाने के क्रम में भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) की चपेट में आने से बीमार हुए प्रशिक्षु सिपाही श्रीराम कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया था, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। जवान की मौत के बाद उनके पार्थिव शरीर को सासाराम लाया गया, जहाँ सदर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया है।


16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान बेहोश हुए थे 5 जवान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डेहरी पुलिस लाइन में प्रशिक्षण के तहत जवानों के लिए 16 किलोमीटर की दौड़ का आयोजन किया गया था। कड़ाके की धूप और चल रही गर्म हवाओं के बीच दौड़ लगाने के दौरान हीट वेव की चपेट में आने से पाँच सिपाही अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े थे। सभी बीमार जवानों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इनमें सिपाही श्रीराम कुमार की स्थिति शुरुआत से ही काफी नाजुक बनी हुई थी, जिसके कारण उन्हें पटना रेफर करना पड़ा था।


समस्तीपुर के रहने वाले थे श्रीराम, परिवार में पसरा मातम

मृतक प्रशिक्षु सिपाही श्रीराम कुमार मूल रूप से समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के रहने वाले थे। वह अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे और हाल ही में पुलिस बल में शामिल होकर देश सेवा का सपना पूरा कर रहे थे। जवान की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रोते-बिलखते परिजन तुरंत सासाराम पहुंचे, जहाँ पुलिस महकमे के अधिकारियों ने उन्हें ढांढस बंधाया।


एसपी रौशन कुमार ने की पुष्टि, कहा- हीट वेव से ही गई जान

इस दर्दनाक हादसे को लेकर रोहतास के पुलिस अधीक्षक (SP) रौशन कुमार ने बताया कि जवान की मौत हीट वेव (लू) की चपेट में आने के कारण ही हुई है। उन्होंने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। पुलिस प्रशासन द्वारा मृतक जवान के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव भेजने और आश्रितों को हर संभव मदद दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


आपदा प्रबंधन विभाग हुआ सक्रिय, आगे की कार्रवाई जारी

वहीं इस घटना को लेकर जिला आपदा पदाधिकारी कुमारी प्रेरणा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सिपाही की मौत की सूचना राज्य आपदा प्रबंधन विभाग को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के माध्यम से घटना को लेकर विस्तृत जानकारी और रिपोर्ट इकट्ठा की जा रही है, ताकि नियमों के तहत पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और अग्रतर सहायता प्रदान करने के लिए आगे की विभागीय कार्रवाई पूरी की जा सके।


रंजन कुमार की रिपोर्ट