बारिश के बाद तुतला भवानी वॉटरफॉल में दिखा रौद्र रूप : उफान पर झरना, मंदिर कमेटी ने जारी की चेतावनी
Sasaram : रोहतास जिले के तिलौथू स्थिति प्रसिद्ध तुतला भवानी वॉटरफॉल में भारी बारिश के बाद पानी का विहंगम उफान देखने को मिला है। इस साल मानसून के मौसम में पहली बार झरने ने इतना भव्य और उग्र रूप धारण किया है।
झरने के रौद्र रूप को देख सुरक्षित बाहर निकले नहा रहे लोग
अचानक पानी का तेज बहाव और जलस्तर बढ़ते देख वॉटरफॉल में नहा रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच हड़कंप मच गया। खतरे को भांपते हुए झरने में नहा रहे सभी लोग तुरंत पानी से बाहर निकल आए।
मंदिर कमेटी ने दी चेतावनी, पानी के तेज बहाव से दूर रहने की अपील
हादसे की आशंका को देखते हुए तुतला भवानी मंदिर कमेटी के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को एहतियात बरतने की सलाह दी है। कमेटी ने सख्त हिदायत दी है कि पानी के तेज बहाव में कोई भी श्रद्धालु या पर्यटक जाने का जोखिम न उठाए।
अचानक जलस्तर बढ़ने से मंडराया हादसे का खतरा
मौसम में आए बदलाव के कारण पहली बार इतने विहंगम रूप में पानी का बहाव देखा गया है। तेज धारा में जाने से दुर्घटना हो सकती है, इसी वजह से मौके पर एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।
मानसून में उमड़ती है सैलानियों की भारी भीड़
प्राकृतिक पहाड़ियों के बीच बसा तुतला भवानी धाम मानसून के दिनों में पर्यटकों के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहता है। हर साल बारिश के मौसम में दूर-दराज से भारी संख्या में सैलानी इस वॉटरफॉल की खूबसूरती देखने और माता भवानी के दर्शन करने पहुंचते हैं।
रंजन की रिपोर्ट