स्कूल में स्मार्ट क्लास के दौरान जाति सूचक गाने पर बच्चों के नाचने का वीडियो वायरल: डीएम ने जांच टीम गठित कर कार्रवाई के दिए निर्देश

स्मार्ट क्लास के अंदर भोजपुरी के एक जाति सूचक गाने पर बच्चों का डांस यह जानकर आपको विश्वास नहीं होगा, लेकिन ऐसी ही घटना सासाराम जिले से सामने आई है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीएम ने संज्ञान लेते हुए मामले की जांच का आदेश दिया है.....

स्कूल में स्मार्ट क्लास के दौरान जाति सूचक गाने पर बच्चों के
स्कूल में स्मार्ट क्लास के दौरान जाति सूचक गाने पर बच्चों का डांस- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले के दावथ प्रखंड के अंतर्गत आने वाले डेढ़गांव स्थित जगदयाल सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय का एक मामला सामने आया है, जहां स्मार्ट क्लास के अंदर भोजपुरी के एक जाति सूचक गाने पर बच्चों के नाचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना मंगलवार की बताई जा रही है।


स्मार्ट क्लास में 14 बच्चों द्वारा जाति सूचक गाने पर डांस

वायरल वीडियो के अनुसार, विद्यालय के स्मार्ट क्लास के भीतर कुल 14 बच्चों को चिह्नित किया गया है, जो लोकप्रिय भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव के एक ऐसे गाने पर थिरकते नजर आ रहे हैं जो किसी जाति विशेष को चिह्नित करता है। सरकार द्वारा छात्रों की डिजिटल प्रतिभा और कौशल विकास के लिए लाखों रुपये खर्च कर स्मार्ट क्लास की सुविधा दी गई थी, जिसका यहां कथित रूप से दुरुपयोग हुआ।


प्रधानाचार्य को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश

मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय के प्राचार्य लाल बहादुर सिंह यादव को तत्काल मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि स्मार्ट क्लास के संचालन के दौरान ऐसी लापरवाही कैसे बरती गई।


डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने इस पूरे प्रकरण का कड़ा संज्ञान लिया है। डीएम ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और शिक्षा नीति के तहत तय दिशा-निर्देशों के अनुसार वीडियो में डांस कर रहे छात्रों तथा संबंधित जिम्मेदारों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


रंजन की रिपोर्ट