Bihar News : शेखपुरा में बाल काटने को लेकर मामूली विवाद में हुआ खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ 20 राउंड फायरिंग में दो लोग हुए जख्मी, गाय की हुई मौत
Bihar News : शेखपुरा में दाढ़ी और बाल काटने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। इसमें एक व्यक्ति को गोली लग गयी....पढ़िए आगे
SHEKHPURA : जिले के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के ओनमा गांव में दाढ़ी और बाल काटने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। गाली-गलौज के बाद एक पक्ष द्वारा करीब 20 राउंड अंधाधुंध फायरिंग किए जाने का आरोप है। इस घटना में दो ग्रामीण घायल हो गए, जबकि बथान में बंधी एक गाय की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। गोलीबारी की घटना में घायल विकास कुमार के अनुसार, घटना रविवार की सुबह करीब नौ बजे की है। गांव के नाई श्रवण ठाकुर उनके घर के दरवाजे पर एक बच्चे के बाल काट रहे थे। इसी दौरान गांव के महेश सिंह अपने पुत्र कारू कुमार और सत्यम कुमार के साथ वहां पहुंचे और नाई के साथ गाली-गलौज करने लगे।
काम नहीं करने का आरोप
उन्होंने नाई पर अपने यहां काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर सत्यम कुमार ने नाई श्रवण ठाकुर और उनकी पत्नी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया तथा नाई का उस्तरा छीनकर वहां से चला गया। इसके बाद भी जब नाई सत्यम कुमार के घर पर नहीं पहुंचा तब कुछ ही देर बाद तीनों आरोपी पुनः हथियारों से लैस होकर वापस लौटे और दरवाजे पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान करीब 20 राउंड गोलियां चलने की बात कही जा रही है।
दो ग्रामीण घायल, एक की हालत गंभीर
गोलीबारी में 65 वर्षीय बीरेंद्र सिंह के पैर में गोली लग गई, जबकि रविशंकर भी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बरबीघा ले जाया गया। इनमें एक घायल वीरेंद्र सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए पावापुरी रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरे घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, गोलीबारी के दौरान बथान में बंधी एक गाय की भी मौत हो गई।
पुलिस ने बरामद किए तीन खोखे
घटना की सूचना मिलते ही शेखोपुरसराय थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर दारोगा जय कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। थानाध्यक्ष के अनुसार, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
उमेश की रिपोर्ट