Bihar News: 15 फीट ऊँचे तटबंध पर बेझिझक चढ़ीं डीएम प्रतिभा रानी, बागमती की पुरानी धारा का किया निरीक्षण, जमीन पर खड़े होकर लिया हालात का जायज़ा
Bihar News:जमीनी हकीकत दफ्तरों से नहीं, मैदान में उतरकर ही दिखती है, इस बात को जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने एक बार फिर साबित कर दिया।...
Bihar News: जमीनी हकीकत दफ्तरों से नहीं, मैदान में उतरकर ही दिखती है, इस बात को जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने एक बार फिर साबित कर दिया। पिपराही प्रखंड के ललुआ क्षेत्र में बागमती नदी की पुरानी धारा की उड़ाही के कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचीं डीएम ने लगभग 15 फीट ऊँचे तटबंध पर बिना किसी हिचक के चढ़कर स्थिति का जायज़ा लिया। जहां अन्य अधिकारी तटबंध पर चढ़ने को लेकर संकोच करते नजर आए, वहीं डीएम प्रतिभा रानी ने धूल-मिट्टी और कठिन रास्ते की परवाह किए बिना मौके पर पहुंचकर कार्य की बारीक समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बागमती नदी की पुरानी धारा में चल रहे उड़ाही कार्य को देखा और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों को भरोसा दिलाया गया कि यह परियोजना सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके ठोस नतीजे जमीन पर दिखेंगे।
डीएम ने बताया कि सिंचाई सुविधा को मजबूत करने के उद्देश्य से बागमती नदी की पुरानी धारा की उड़ाही कर उसे गंडक नदी से जोड़ा जाएगा। इस योजना के पूरा होने से शिवहर जिले के लोगों को बाढ़ और कटाव से राहत मिलेगी, वहीं किसानों को साल भर बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस परियोजना को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इसे शीघ्र पूरा कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नदियों को जोड़ने की परियोजना को गति देने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया ताकि किसी स्तर पर देरी न हो।
मौके पर एडीएम मेधावी, एसडीएम अविनाश कुणाल, योजना पदाधिकारी संदीप कुमार, बीडीओ आदित्य सौरभ सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम की सक्रियता और फील्ड में उतरकर निरीक्षण करने की शैली को स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक संजीदगी का मजबूत संदेश बताया।
रिपोर्ट- मनोज कुमार