महादलित परिवारों के पक्के मकान का सपना होगा साकार : डीएम ने सीएम आवास योजना के तहत निर्माणाधीन भवनों का किया निरीक्षण, काम में तेजी लाने का निर्देश
शिवहर जिले में महादलित परिवारों को जल्द ही अपना पक्का मकान होगा। सीएम आवास योजना के तहत बन रहे आवासों का जिलाधिकारी ने जायजा लिया और जल्द काम पूरा करने का निर्देश दी है.....
Sheohar : जिले के महादलित परिवारों को सुरक्षित और सुविधाजनक आशियाना उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कवायद तेज कर दी है। सरकार की मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के जीवन स्तर को सुधारने और उन्हें पक्की छत मुहैया कराने की यह पहल अब रंग लाने लगी है। इसी क्रम में शिवहर की जिलाधिकारी (DM) प्रतिभा रानी ने पिपराही प्रखंड की परसौनी बैज पंचायत के वार्ड संख्या-04 स्थित महादलित टोले में पहुंच कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
13.50 लाख की लागत से बन रहे हैं दो कमरों के आधुनिक आवास
स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के माध्यम से प्रति आवास 13 लाख 50 हजार रुपये की प्राक्कलित राशि से इन भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इन आवासों की खासियत यह है कि प्रत्येक घर में दो कमरे, एक रसोईघर, हॉल, शौचालय और स्नानागार (बाथरूम) की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस टोले में कुल 63 आवासों का निर्माण प्रस्तावित है, जिनमें से 35 आवासों की टेंडर (निविदा) प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक इनमें से 23 आवास आगामी छह से आठ हफ्तों के भीतर बनकर पूरी तरह तैयार हो जाने की संभावना है।
डीएम ने दिए कार्य में तेजी लाने और संपर्क पथ बनवाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम प्रतिभा रानी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसकी नियमित निगरानी करने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही, महादलित टोले के इन नए आवासीय परिसरों तक सुगमता से आने-जाने के लिए पक्का रास्ता या संपर्क पथ की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु तत्काल प्रस्ताव भेजने को भी कहा गया।
"गरीबों का बागवान संवारने और बच्चों का भविष्य बेहतर करने का है प्रयास"
डीएम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार की यह स्पष्ट मंशा है कि जिन महादलित परिवारों के पास अपनी कोई संपत्ति या रहने के लिए ढंग की छत नहीं है, उन्हें सरकार सुरक्षित आशियाना दे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य इन परिवारों को एक संबल प्रदान करना है ताकि वे उस छत के नीचे रहकर अपना भविष्य संवार सकें और उनके बच्चों की जिंदगी बेहतर तथा सुरक्षित बन सके।
मनोज की रिपोर्ट