पांच रोजगार सेवकों से जवाब-तलब, लापरवाही पर सख्त चेतावनी, डीएम का कड़ा एक्शन

Bihar News: जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले पांच रोजगार सेवकों से स्पष्टीकरण तलब कर दिया है। इस कार्रवाई से मनरेगा कर्मियों में हड़कंप मच गया है।

Five employment servants summoned
पांच रोजगार सेवकों से जवाब-तलब- फोटो : reporter

Bihar News: शिवहर में जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले पांच रोजगार सेवकों से स्पष्टीकरण तलब कर दिया है। इस कार्रवाई से मनरेगा कर्मियों में हड़कंप मच गया है।

समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं मनरेगा और जल-जीवन-हरियाली मिशन की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई पंचायतों में कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया।

मनरेगा योजना के संदर्भ में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के मजदूरों और महिलाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जाए। कुल मानव दिवस सृजन में 25% भागीदारी एससी/एसटी वर्ग के मजदूरों की तथा 60% भागीदारी महिलाओं की सुनिश्चित की जाए। साथ ही मजदूरी का भुगतान समय पर हो, इसमें किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ई-केवाईसी कार्य की समीक्षा में रोहुआ, अभिराजपुर बैरिया, हरनाही, बृन्दावन और मकसूदपुर कररिया पंचायतों का प्रदर्शन सबसे कमजोर पाया गया। इन पंचायतों के रोजगार सेवकों से कारण पूछा गया है कि लक्ष्य पूरा क्यों नहीं हुआ।

डीएम प्रतिभा रानी ने दो टूक कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुधार नहीं हुआ तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

डीएम की इस सख्ती के बाद मनरेगा से जुड़े कर्मियों में हलचल तेज हो गई है। प्रशासन का संदेश साफ है काम में ढिलाई नहीं चलेगी, जवाबदेही तय होगी और योजनाओं को जमीन पर उतारना ही प्राथमिकता है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार