Bihar News : शिवहर में मध्याह्न भोजन योजना के अनुग्रह अनुदान में 6 माह की देरी, जांच में दोषी पाए गए तत्कालीन डीपीओ

Bihar News : शिवहर जिले में मध्याह्न भोजन योजना के तहत मृत रसोइया सह सहायक के अनुग्रह अनुदान भुगतान में करीब छह महीने का अनावश्यक विलंब का मामला सामने आया है। इस मामले में डीपीओ को दोषी पाया गया है......पढ़िए आगे

Bihar News : शिवहर में मध्याह्न भोजन योजना के अनुग्रह अनुदान
दोषी पाए गए डीपीओ- फोटो : MANOJ

SHEOHAR : शिवहर में मध्याह्न भोजन योजना के तहत रसोइया सह सहायक के अनुग्रह अनुदान भुगतान में करीब छह माह की देरी का मामला सामने आया है। डुमरी कटसरी प्रखंड के नयागांव निवासी उपेन्द्र साह ने अपनी पत्नी के निधन के बाद अनुग्रह अनुदान की राशि नहीं मिलने और तत्कालीन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) पर अवैध राशि मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। 

इस मामले में जिला पदाधिकारी के निर्देश पर डीडीसी ने जांच की। जांच के दौरान भुगतान से संबंधित संचिका का अवलोकन किया गया। इसमें पाया गया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य ने 25 फरवरी 2025 को अनुग्रह भुगतान के लिए आवेदन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन को अग्रसारित किया था। इसके बाद 24 मार्च 2025 को प्रखंड साधन सेवी का जांच प्रतिवेदन प्राप्त हुआ, जबकि तत्कालीन डीपीओ ने 12 सितंबर 2025 को विभाग से अनुग्रह अनुदान की राशि का आवंटन मांगा। 

जांच प्रतिवेदन और आवंटन की मांग के बीच लगभग छह माह का विलंब पाया गया, जिसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। जांच प्रतिवेदन में तत्कालीन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राहूल कुमार पीएम पोषण योजना, शिवहर की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्हें दोषी प्रतीत बताया गया है। वर्तमान में उनका पदस्थापन भोजपुर जिले में है। प्रतिवेदन में संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के लिए विभाग को सूचित करने की अनुशंसा की गई है। 

हालांकि, अवैध राशि की मांग के आरोप के समर्थन में परिवादी द्वारा कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। बता दे की इस संबंध में नयागांव निवासी उपेंद्र साह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जनता दरबार में इस बावत आवेदन दिया था, जिसके बाद इसकी जानकारी जिलाधिकारी प्रतिभा रानी को प्राप्त हुई, जिलाधिकारी ने महज 24 घंटे के भीतर ही संबंधित को ₹4 लाख की चेक जारी कर दिया था, जिसके बाद जाँच की कार्रवाई की गई।  

शिवहर से मनोज कुमार