Bihar LPG Crisis: सिलेंडर नहीं मिला तो जान दे दूंगा... गैस एजेंसी पर फूटा गुस्सा, उपभोक्ता की धमकी से मचा हड़कंप

Bihar LPG Crisis: बिहार में रसोई गैस की किल्लत ने ऐसा बवाल खड़ा कर दिया कि गैस एजेंसी के बाहर हंगामा,नाराजगी और बेबसी का खौफनाक मंजर देखने को मिला। ...

No Gas Cylinder Consumer Threat Sparks Panic at Agency
सिलेंडर नहीं मिला तो जान दे दूंगा... - फोटो : reporter

Bihar LPG Crisis:  बिहार में रसोई गैस की किल्लत ने ऐसा बवाल खड़ा कर दिया कि गैस एजेंसी के बाहर हंगामा,नाराजगी और बेबसी का खौफनाक मंजर देखने को मिला।  शिवहर के लचका पुल स्थित एचपी गैस एजेंसी पर मंगलवार को सैकड़ों उपभोक्ता सिलेंडर लेने पहुंचे, लेकिन गैस खत्म होने की खबर मिलते ही लोगों का सब्र जवाब दे गया। गुस्साए उपभोक्ताओं ने एजेंसी के बाहर जमकर हंगामा किया और एजेंसी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।

बताया जा रहा है कि कई उपभोक्ता रात के अंधेरे में ही घर से निकल पड़े थे ताकि सुबह जल्दी लाइन में लगकर गैस सिलेंडर ले सकें। कुछ लोग तो सुबह तीन बजे से ही एजेंसी के बाहर कतार में खड़े थे। लंबा इंतजार करने के बाद जब उनकी बारी आई तो उन्हें बताया गया कि गैस सिलेंडर खत्म हो गया है। बस फिर क्या था भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और एजेंसी के बाहर माहौल गर्म हो गया।

आक्रोशित उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर खुलेआम कलाबजारी का आरोप लगाया। लोगों का कहना था कि एजेंसी वाले आम ग्राहकों को सिलेंडर देने के बजाय उसे दूसरे रास्ते से बेच रहे हैं। इसी बीच हंगामे के दौरान एक उपभोक्ता संतोष पांडेय का दर्द और गुस्सा दोनों फूट पड़ा। उन्होंने कहा कि वे करीब 12 किलोमीटर दूर से आए हैं और सुबह तीन बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन कुछ लोगों को सिलेंडर देने के बाद उन्हें साफ कह दिया गया कि गैस खत्म हो गई है।

बेहद परेशान और गुस्से में संतोष पांडेय ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “अगर आज मुझे सिलेंडर नहीं मिला तो मैं आत्महत्या कर लूंगा, नहीं तो गैस से भरी गाड़ी में आग लगा दूंगा। अब और बर्दाश्त नहीं हो रहा, पूरी तरह से परेशान हो गया हूं।” इस बयान के बाद मौके पर मौजूद लोगों में सनसनी फैल गई।

हंगामे की सूचना मिलते ही शिवहर पुलिस और जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) अनुराग कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की और हालात को काबू में करने में जुट गए। पुलिस ने लोगों को शांत रहने की अपील की और एजेंसी प्रबंधन से भी पूरे मामले की जानकारी ली।

फिलहाल प्रशासन हालात को संभालने में लगा है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर आम लोगों को जरूरी रसोई गैस के लिए इतनी मशक्कत और परेशानी क्यों झेलनी पड़ रही है।

शिवहर से मनोज कुमार