Bihar LPG News: शिवहर डीएम के छापेमारी से गैस एजेंसियों में मचा हड़कंप, दस्तावेजों की हुई गहन जांच, कालाबाजारी के खिलाफ सख्ती

Bihar LPG News: शिवहर डीएम ने गैस एजेंसियों में छापेमारी की। इस दौरान एजेंसी के कागजातों की गहन जांच की गई।डीएम प्रतिभा रानी की इस कार्रवाई से साफ संकेत गया है कि अब जिले में किसी भी तरह की अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिवहर डीएम
शिवहर डीएम की छापेमारी - फोटो : social media

Bihar LPG News: बिहार में एलपीजी की कमी की खबरों के बीच कालाबाजारी की भी जानकारी मिल रही है। जिसको देखते हुए पटना सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी अलर्ट मोड पर हैं। गैस एजेंसियों पर प्रशासन की छापेमारी की जा रही है साथ ही दस्तावेजों को भी खंगाला जा रहा है। इसी बीच शिवहर डीएम के एक्शन से गैस एजेंसियों में हड़कंप मच गया। 

कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सख्त 

दरअसल, शिवहर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने खुद मोर्चा संभालते हुए पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के साथ शिवा गैस एजेंसी पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान एजेंसी के कागजातों की गहन जांच की गई। यह कार्रवाई महज औपचारिकता नहीं, बल्कि आम लोगों को समय पर और सही तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन का बड़ा कदम माना जा रहा है। जिले में लंबे समय से गैस की कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने सीधे स्तर पर हस्तक्षेप किया।

डीएम का सख्त आदेश 

डीएम प्रतिभा रानी की इस कार्रवाई से साफ संकेत गया है कि अब जिले में किसी भी तरह की अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छापेमारी के बाद गैस एजेंसी संचालकों और इस धंधे में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है और कहा है कि इससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी तथा सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ेगी।

अब तक दो लोगों पर केस दर्ज 

प्रशासन की सक्रियता को लोगों ने भरोसे की मजबूत पहल बताया है। बताया जा रहा है कि अब तक इस मामले में दो केस दर्ज किए जा चुके हैं और लगातार छापेमारी अभियान जारी है। डीएम ने स्पष्ट कहा है कि लोगों को गैस सिलेंडर को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। किसी भी गड़बड़ी की सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।

शिवहर से मनोज कुमार