Bihar News: आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं शिवहर डीएम, खुद तौला पोषाहार-की चावल की जांच, कर दिया शो-कॉज
Bihar News: शिवहर में जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है।...
Bihar News: शिवहर में जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने शिवहर शहर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-111 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर बच्चों और लाभार्थियों के लिए रखे पोषाहार का वजन खुद कराया और चावल की गुणवत्ता भी अपने हाथों से जांची। निरीक्षण में चावल की गुणवत्ता में कमी पाए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद संबंधित कर्मियों और पर्यवेक्षणीय पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान केंद्र के संचालन और विभागीय दायित्वों के निर्वहन में कई कमियां भी मिलीं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित कर्मियों और पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही, अनियमितता या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को पोषण, स्वास्थ्य तथा विद्यालय-पूर्व शिक्षा समेत कई अहम सेवाएं दी जाती हैं। ऐसे में इन सेवाओं में लापरवाही सरकारी जिम्मेदारी के प्रति गंभीर उदासीनता मानी जाएगी।

निरीक्षण में मिली कमियों को लेकर संबंधित कर्मियों और पर्यवेक्षणीय पदाधिकारी से शो-कॉज मांगा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कमियों को तत्काल दूर कर अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर दोषी कर्मियों और पदाधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन निर्धारित समय-सारणी और विभागीय दिशा-निर्देशों के मुताबिक सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिले के अन्य केंद्रों का नियमित और औचक निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया गया है।
मनोज कुमार की रिपोर्ट