शिवहर पुलिस का अवैध हथियारों के तस्करों पर बड़ा प्रहार, दो मामलों में तीन गिरफ्तार, कट्टा-पिस्टल और मोबाइल बरामद

Bihar Crime:अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।....

Sheohar Police Nab 3 Recover Pistol and Illegal Country Made
अपराधियों पर शिकंजा- फोटो : reporter

Sheohar: जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए शिवहर पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो देसी कट्टा, एक पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने रविवार को प्रेस वार्ता में दोनों मामलों का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपितों के खिलाफ संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पहली कार्रवाई फतेहपुर थाना क्षेत्र के बसहिया राम गांव के समीप एक आम बगीचे में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में बैठा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर बसहिया राम निवासी करीब 60 वर्षीय रामप्रवेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, एक मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इस मामले में फतेहपुर थाना कांड संख्या 40/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

दूसरे मामले में पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि एक युवक सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ अपनी तस्वीर वायरल कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में चिकनौटा निवासी करीब 21 वर्षीय मो. अरसे आजम तथा सुंदरपुर खरौना निवासी एक विधि-विवादित बालक को हिरासत में लिया गया। उनके कब्जे से एक देसी कट्टा, एक पिस्टल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस संबंध में शिवहर थाना कांड संख्या 348/26 दर्ज की गई है।

एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनके संपर्क में और कौन-कौन लोग हैं तथा अवैध हथियारों की आपूर्ति का नेटवर्क कितना बड़ा है। इस सिलसिले में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन, तस्वीरें साझा करना या किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों का प्रचार-प्रसार कानूनन अपराध है। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 पर दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। शिवहर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्ट- मनोज कुमार