Sitamarhi student death: सीतामढ़ी में दिल दहला देने वाली घटना, 2 छात्राओं की पिटाई से मासूम की मौत

Sitamarhi student death: बिहार के सितामढ़ी स्थित सोनबरसा में स्कूल में मारपीट के बाद चौथी कक्षा की छात्रा की मौत हो गई है। इस पर परिवार ने शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Sitamarhi student death
छोटी सी बात बनी जानलेवा- फोटो : social media

Sitamarhi student death: बिहार के सोनबरसा प्रखंड क्षेत्र के सहोरवा मध्य विद्यालय में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां सोमवार (23 मार्च 2026) को सहपाठियों के बीच हुई मारपीट में घायल चौथी कक्षा की छात्रा स्मृति कुमारी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, स्मृति का अपनी दो सहपाठी छात्राओं के साथ स्कूल में विवाद हो गया था। बताया गया कि वह पंखा चालू करने गई थी, तभी दूसरी छात्राओं ने इस पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया।

परिजनों का आरोप है कि दोनों छात्राओं ने मिलकर स्मृति की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही उसके पिता जितेंद्र कुमार राय स्कूल पहुंचे और बेटी को इलाज के लिए पहले सोनबरसा, फिर सीतामढ़ी और बाद में पटना ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में गांधी पुल के पास ही उसकी मौत हो गई।

स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप 

इस मामले में परिवार ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि जब बच्चों ने मारपीट की जानकारी शिक्षकों को दी, तब भी किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक शिक्षक ने यह तक कह दिया कि जो जीतेगा वही पिटेगा। घटना के समय स्कूल में शिक्षक हरे राम सिंह, अखिलेश कुमार और प्रधानाध्यापक जोगेंद्र सहनी मौजूद थे, इसके बावजूद ऐसी घटना होना स्कूल की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

 शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा

घटना के बाद पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार की ओर से थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है और लोग दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।