Bihar News : सीएम सम्राट चौधरी ने अस्थायी काष्ठ मंडपम में स्थापित की भगवान श्रीराम और माता सीता की प्रतिमा, कहा इस दिन तक भव्य मंदिर में स्थापित होंगी मां जानकी

Bihar News :सीएम ने पुनौराधाम मंदिर परिसर स्थित नवनिर्मित अस्थायी काष्ठ मंडपम में भगवान श्रीराम एवं माता सीता की प्रतिमाओं को स्थापित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा भी लिया।

Bihar News : सीएम सम्राट चौधरी ने अस्थायी काष्ठ मंडपम में स्
प्रतिमा की स्थापना - फोटो : SOCIAL MEDIA

SITAMARHI : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने माता जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी स्थित पुनौराधाम मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान से मां जानकी की पूजा-अर्चना की। उन्होंने राज्य की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए मंदिर परिसर स्थित नवनिर्मित अस्थायी काष्ठ मंडपम में भगवान श्रीराम एवं माता सीता की प्रतिमाओं को स्थापित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से निर्माणाधीन भव्य मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की अद्यतन स्थिति का जायजा भी लिया।  

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित मां जानकी मंदिर के मॉडल के माध्यम से मुख्यमंत्री को मंदिर परिसर के भावी स्वरूप की जानकारी दी। इसमें मुख्य मंदिर, परकोटा, यज्ञ मंडप, अनुष्ठान मंडप, पीठाधीश्वर निवास, म्यूजियम, ऑडिटोरियम, महिला हाट और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सुविधाओं के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। 

समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 31 दिसंबर 2028 तक मंदिर का निर्माण कार्य पूरा कर मां जानकी को भव्य मंदिर में स्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुनौराधाम मां जानकी की पावन जन्मभूमि होने के कारण बिहार की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है, और इस पवित्र धाम का समग्र विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।  

मुख्यमंत्री ने बताया कि पुनौराधाम के इस विकास कार्य से श्रद्धालुओं को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को एक नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए साधन उपलब्ध होंगे और आर्थिक गतिविधियों का दायरा बढ़ेगा। इस दौरान उन्होंने मंदिर प्रांगण में बज्जिका कला एवं सिक्की कला पर आधारित शिल्प प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और स्थानीय कलाकारों की सराहना की।  

इस विशेष अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, सीतामढ़ी की प्रभारी मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर सहित कई मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पुनौराधाम मंदिर प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया, वहीं बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं का मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।

अविनाश की रिपोर्ट