Bihar Crime : बिहार में शराबबंदी के बीच बड़ी कार्रवाई, नेपाल से जाम छलकाकर लौट रहे पार्षद समेत 6 लोग गिरफ्तार

Bihar Crime : पूर्ण शराब बंदी वाले बिहार में शराब के नशे में पार्षद समेत 6 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है....पढ़िए आगे

Bihar Crime : बिहार में शराबबंदी के बीच बड़ी कार्रवाई, नेपाल
पार्षद समेत 6 लोग गिरफ्तार - फोटो : AVINASH

SITAMARHI : पूर्ण शराबबंदी वाले राज्य बिहार में मद्यनिषेध कानून को ठेंगा दिखाने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में सोनबरसा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में धुत एक स्थानीय पार्षद और पार्षद पति समेत कुल 6 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद से ही स्थानीय बाजार और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार पूरी तरह गर्म हो गया है।

यह पूरी घटना सोनबरसा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके की है। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी लोग पड़ोसी देश नेपाल से शराब का सेवन कर वापस भारतीय सीमा में लौट रहे थे। इसी दौरान सीमा पर गश्त कर रही पुलिस टीम की नजर इन पर पड़ी। गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि करते हुए सोनबरसा थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि नियमित गश्ती और वाहन जांच के दौरान पुलिस ने कुछ लोगों को सड़क पर बुरी तरह हंगामा और हुड़दंग करते हुए देखा। 

संदेह होने पर पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए हंगामा कर रहे सभी 6 लोगों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें थाने लेकर आई, जहां मद्यनिषेध नियमों के तहत ब्रेथ एनालाइजर मशीन से उनकी कड़ाई से जांच की गई। जांच रिपोर्ट में सभी आरोपियों के अत्यधिक मात्रा में शराब पीने की आधिकारिक पुष्टि हुई।

पकड़े गए लोगों में स्थानीय रसूखदार जनप्रतिनिधि (पार्षद और उनके पति) के शामिल होने के कारण मामले को दबाने की भी कोशिशें की गईं, लेकिन पुलिस ने कानून के मुताबिक सख्त रुख अख्तियार किया। थाना प्रभारी ने बताया कि शराब पीने की पुष्टि होने के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा सभी को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अविनाश की रिपोर्ट