लखनदेई नदी की सफाई के लिए डीएम रिची पांडेय ने खुद उठाया फावड़ा: श्रमदान को जन आंदोलन बनाने की अपील

लखनदेई नदी की सफाई के लिए डीएम रिची पांडेय ने खुद उठाया फावड़
नगर निगम कर्मियों के साथ सफाई में जुटे डीएम रिची पांडेय - फोटो : अविनाश कुमार

Sitamarhi : सीतामढ़ी जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष श्रमदान कार्यक्रम के तहत लखनदेई नदी की सफाई का व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान की कमान स्वयं जिलाधिकारी रिची पांडेय ने संभाली। डीएम ने खुद नदी तट पर उतरकर कचरा साफ किया और श्रमदान कर समाज को स्वच्छता का संदेश दिया। इस पहल में जिले के वरीय अधिकारियों, नगर निगम कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने बड़े पैमाने पर हिस्सा लिया, जिससे नदी की सफाई का यह कार्य एक उत्सव में बदल गया।


कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना

अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त गजेंद्र प्रसाद सिंह को कड़े निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध किसी भी तरह की नरमी न बरती जाए और उन पर तत्काल आर्थिक दंड लगाया जाए। डीएम ने शहर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी करने और नियम तोड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही, पूरे शहर में पॉलीथिन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी आदेश दिया गया।


सिविल सर्जन को स्वास्थ्य संस्थानों के निबंधन का अल्टीमेटम

पर्यावरण और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएम ने बायो-वेस्ट मैनेजमेंट को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार को निर्देशित किया कि जिले के सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों का शीघ्र निबंधन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बायोमेडिकल कचरे का सुरक्षित और वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित करना अनिवार्य है, ताकि अस्पतालों से निकलने वाला अपशिष्ट आम जनता और पर्यावरण के लिए खतरा न बने।


व्हाइटनर और कोरेक्स बेचने वालों पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टेढ़ी नजर

स्वच्छता के साथ-साथ युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए डीएम रिची पांडेय ने सूखे नशे के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ने की बात कही। उन्होंने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को समन्वय बनाकर व्हाइटनर, कोरेक्स और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और इस दिशा में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


मेयर, उपमेयर और अधिकारियों की मौजूदगी में गूँजा स्वच्छता का नारा

इस विशेष कार्यक्रम में मेयर रौनक जहां परवेज, उप मेयर आशुतोष कुमार और उप विकास आयुक्त संदीप कुमार सहित जिले के लगभग सभी आला अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम ने कहा कि लखनदेई नदी सीतामढ़ी की आत्मा है और इसकी स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने अपील की कि जब तक जनता सक्रिय रूप से भागीदारी नहीं करेगी, तब तक स्वच्छता को पूर्ण रूप से सफल नहीं बनाया जा सकता। कार्यक्रम में एडीएम, नगर आयुक्त और विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भी श्रमदान कर इस मुहिम को मजबूती दी।


अविनाश कुमार की रिपोर्ट