Bihar News: 'धुरंधर 2' देखकर लौट रहे दो भाइयों को पुलिस ने उठाया, थाने में बंद कर रातभर पीटा, परिजनों का गंभीर आरोप

Bihar News: धुरंधर-2 देखकर लौट रहे दो भाइयों को पुलिस ने पकड़ लिया। आरोप है कि पुलिस ने दोनों को थाने में बंद कर उन्हें पीटा और गलत आरोप में फंसाने की कोशिश भी की।

'धुरंधर 2'
दो भाइयो को पुलिस ने पीटा - फोटो : social media

Bihar News: बिहार  के सीतामढ़ी से हैरान कर देने वाली घटना सामने आ रही है। जहां सुप्पी थाना में पुलिस हिरासत में दो युवकों की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि धुरंधर-2 फिल्म देखकर घर लौट रहे दोनों युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूरी रात थर्ड डिग्री दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घायलों की पहचान सुप्पी थाना क्षेत्र के ससौला गांव निवासी जयप्रकाश सिंह और उनके चचेरे भाई गोपाल कुमार के रूप में हुई है।

'धुरंधर 2' देखकर लौट रहे थे युवक

परिजनों के अनुसार, दोनों युवक शहर में ‘धुरंधर-2’ फिल्म देखकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पुलिस ने उन्हें पकड़कर थाने ले गई। गांव के मुखिया हेमंत मिश्रा ने आरोप लगाया कि दोनों युवक निर्दोष थे, इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें हाजत में बंद कर बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।

‘जबरन पहचान कराने’ का आरोप

मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसी समय थाने में बंद एक कथित चोर पर दबाव बनाया गया कि वह इन दोनों युवकों को पहचानने की बात स्वीकार करे। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में सदर डीएसपी-1 राजीव कुमार ने बताया कि ससौला चौक पर हुई चोरी की घटना के बाद एक संदिग्ध को पकड़ा गया था। उसी क्रम में गलतफहमी के कारण दोनों युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

उन्होंने कहा कि यदि जांच में मारपीट की पुष्टि होती है, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसपी अमित रंजन ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है।