Bihar News:पुनौरा धाम में आज आस्था का ऐतिहासिक अध्याय!,नूतन सीताराम मंडपम में विराजेंगे मां सीता-श्रीराम, सीएम सम्राट चौधरी भी होंगे शामिल
Sitamarhi: माता जानकी की जन्मभूमि पुनौरा धाम में आज आस्था और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिलेगा।
Sitamarhi: माता जानकी की जन्मभूमि पुनौरा धाम में आज आस्था और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। नूतन सीताराम मंडपम में मां सीता और भगवान श्रीराम के विग्रह प्रवेश, स्थानांतरण और प्रतिष्ठा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। थोड़ी देर में वैदिक विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच दोनों विग्रहों को नूतन मंडपम में प्रवेश कराया जाएगा।
इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा-अर्चना को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल पर भक्तों की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक-चौबंद कर दिया है।
कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। आने-जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
नूतन सीताराम मंडपम में विग्रहों की प्रतिष्ठा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। पुनौरा धाम को मां सीता की जन्मभूमि के रूप में श्रद्धा का बड़ा केंद्र माना जाता है। ऐसे में सीताराम के विग्रहों का नए मंडपम में प्रवेश धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।सुबह से ही धाम में भक्ति का माहौल बना हुआ है। मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां पूरी हैं और श्रद्धालु इस पावन क्षण के साक्षी बनने को आतुर हैं। आज का आयोजन पुनौरा धाम के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को एक नई पहचान देने वाला माना जा रहा है।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट