Punora Dham Sitamarhi: मुख्य सचिव और DGP ने खुद संभाली कमान, लापरवाही पर दी चेतावनी
सीतामढ़ी स्थित जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम के कायाकल्प और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिहार सरकार ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।मुख्य सचिव और डीजीपी का यह दौरा मंदिर निर्माण के साथ-साथ भारत-नेपाल सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए अत्यंत महत
बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने सीतामढ़ी स्थित मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर निर्माण से संबंधित चल रहे कार्यों का बारीकी से भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मंदिर परिसर के सभाकक्ष में पर्यटन विभाग के अधिकारियों, अभियंताओं और निर्माण एजेंसी के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की गई। बैठक में एजेंसी ने पीपीटी (PPT) के माध्यम से मंदिर निर्माण और परिसर के समग्र विकास की अद्यतन प्रगति की जानकारी साझा की।
गुणवत्ता और समय सीमा को लेकर सख्त निर्देश
समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और इसे समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुनौरा धाम का विकास बिहार की धार्मिक पर्यटन क्षमता के अनुरूप होना चाहिए, इसलिए निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों को तय समय सीमा (Time-bound) के भीतर पूरा किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को जल्द से जल्द आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।
भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा और अतिक्रमण पर प्रहार
केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा फरवरी में की गई समीक्षा बैठक के आलोक में, मुख्य सचिव और डीजीपी ने भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट आदेश दिया कि 'नो मैंस लैंड' और अंतरराष्ट्रीय सीमा से 15 किलोमीटर के दायरे में आने वाली सरकारी भूमि से सभी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। इसके साथ ही जाली भारतीय मुद्रा (Fake Currency), साइबर फ्रॉड और अवैध दूरसंचार जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मामलों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।
नशीले पदार्थों और वित्तीय अपराधों के विरुद्ध अभियान
सीमावर्ती इलाकों में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए डीजीपी विनय कुमार ने अधिकारियों को 'म्यूल अकाउंट्स' (Mule Accounts) और फर्जी कंपनियों की जांच कर त्वरित समाधान निकालने का निर्देश दिया। मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए एनडीपीएस (NDPS) एक्ट को पूरी सख्ती से लागू करने और तस्करी में शामिल तत्वों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाने की बात कही गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, एसटीएफ के डीजी, प्रमंडलीय आयुक्त, सीतामढ़ी के डीएम और एसपी सहित एसएसबी एवं आईबी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
सीतामढ़ी से अविनाश कुमार की रिपोर्ट