Sitamarhi Hospital: सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे DM तनय सुलतानिया, 5 OT तैयार

Sitamarhi Hospital: सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए डीएम तनय सुलतानिया ने निरीक्षण किया। पांच ऑपरेशन थिएटर तैयार हैं, X-Ray सेवा ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट की गई है।

Sitamarhi Hospital

Sitamarhi Hospital: सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चल रहे कामों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी तनय सुलतानिया ने अपने 25 अगस्त के पिछले निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई का जायजा लिया। तय समय के भीतर कई काम पूरे होने पर उन्होंने संतोष जताया और बाकी कार्यों को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।


डीएम ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को इलाज के दौरान कम से कम परेशानी हो, इसके लिए कई कामों को 15 सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य दिया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में चल रही व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।


5 ऑपरेशन थिएटर तैयार, जल्द शुरू होंगी सेवाएं


सदर अस्पताल में पांच प्रमुख ऑपरेशन थिएटरों को व्यवस्थित करने का काम तय समय में पूरा कर लिया गया है। इनमें इमरजेंसी OT, आई OT, मैटरनल OT, ऑर्थोपेडिक OT और जनरल OT शामिल हैं। डीएम ने ऑपरेशन थिएटरों की व्यवस्था देखने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो छोटी प्रक्रियाएं अभी बाकी हैं, उन्हें भी जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने सभी जरूरी सुविधाएं तैयार होने के बाद ऑपरेशन थिएटरों को मरीजों के लिए जल्द शुरू करने को कहा।


X-Ray सेवा अब ग्राउंड फ्लोर पर


अस्पताल आने वाले मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए X-Ray सेवा को प्रथम तल से ग्राउंड फ्लोर पर लाने का निर्देश भी दिया गया था। इस काम को पूरा कर लिया गया है। इससे खासकर ऐसे मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें जांच के लिए अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में जाने में परेशानी होती है।


बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए अतिरिक्त काउंटर


OPD में मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण पंजीकरण काउंटर पर भीड़ को कम करने के लिए दो अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने खास तौर पर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांग मरीजों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इसका उद्देश्य इन मरीजों को लंबी लाइन में खड़े होने से राहत देना और पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान बनाना है।


अस्पताल की सुविधाओं को दुरुस्त करने पर जोर


निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल के भवनों की स्थिति सुधारने को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने जरूरी जगहों पर रंग-रोगन और छोटे-मोटे मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने को कहा। टूटे हुए स्लैब की मरम्मत, नए RO की व्यवस्था, CCTV कैमरों की स्थिति सुधारने, इंटरकॉम और पब्लिक एड्रेस सिस्टम को ठीक कराने जैसे कामों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को बेहतर माहौल और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी लंबित काम तय समय में पूरे किए जाएं। अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के बाद मरीजों को इलाज, जांच और दूसरी सेवाओं के लिए अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सीतामढ़ी से अविनाश कुमार की रिपोर्ट