Sitamarhi murder case: सीतामढ़ी हत्याकांड में बड़ा मोड़! बैद्यनाथ महतो के परिवार ने CM सम्राट चौधरी से लगाई न्याय की गुहार

Sitamarhi murder case: सीतामढ़ी के केथरिया गांव में जिला परिषद प्रतिनिधि वैद्यनाथ कुशवाहा की हत्या के बाद परिवार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की और निष्पक्ष जांच व सुरक्षा की मांग की।

Sitamarhi murder case

Sitamarhi murder case: सीतामढ़ी के डुमरा प्रखंड के केथरिया गांव में जिला परिषद प्रतिनिधि वैद्यनाथ कुशवाहा की हत्या के बाद इलाके में तनाव और चिंता का माहौल है। घटना के बाद मृतक के परिवार ने बाजपट्टी के विधायक रामेश्वर कुमार महतो के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। परिवार ने मुख्यमंत्री के सामने मामले की जल्द और निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी।


मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात में मृतक की पत्नी और जिला परिषद सदस्य खुशदिल देवी, उनकी बेटी संगीता कुमारी, नतनी स्नेहा कुमारी और भतीजे संगीत कुमार भी मौजूद रहे। परिजनों ने घटना को लेकर अपनी चिंताएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं और दोषियों तक जल्द पहुंचने की मांग की।


विधायक ने जांच में तेजी की मांग की


बाजपट्टी विधायक रामेश्वर कुमार महतो ने मुख्यमंत्री से कहा कि हत्या की गंभीरता को देखते हुए जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जल्द पूरी होनी चाहिए। उन्होंने जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने का आग्रह किया। विधायक ने यह भी कहा कि अगर जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी प्रावधानों के अनुसार सख्त कदम उठाया जाना चाहिए। परिवार की ओर से भी मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की अपील की गई।


परिवार की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा


मुलाकात के दौरान मृतक के परिजनों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने मुख्यमंत्री से परिवार के सदस्यों को जरूरी सुरक्षा और संरक्षण देने का अनुरोध किया। साथ ही परिवार की सुरक्षा से जुड़े खतरे का आकलन कर जरूरत के अनुसार कदम उठाने की मांग की गई।


मुख्यमंत्री ने दिया कार्रवाई का भरोसा


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीड़ित परिवार की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने मामले में जरूरी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। परिवार की सुरक्षा को लेकर भी उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया गया। जिला परिषद प्रतिनिधि वैद्यनाथ कुशवाहा की हत्या के बाद अब परिवार और स्थानीय लोगों की नजर जांच की दिशा और पुलिस की कार्रवाई पर है। परिजनों की मांग है कि मामले की जल्द जांच पूरी कर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

सीतामढ़ी से धीरज की रिपोर्ट