सीतामढ़ी सदर अस्पताल से कैदी फेकन कुमार फरार:हाफ एनकाउंटर के बाद चल रहा था इलाज, 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

सीतामढ़ी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से हाफ एनकाउंटर का आरोपी फेकन कुमार 4 जवानों को चकमा देकर फरार हो गया। लापरवाही पर SP अमित रंजन ने चारों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है और विशेष टीम गठित की है।

Sitamarhi Sadar Hospital prisoner escape
सीतामढ़ी सदर अस्पताल से कैदी फेकन कुमार फरार- फोटो : Reporter

सीतामढ़ी के सदर अस्पताल स्थित कैदी वार्ड से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां इलाज करा रहा विचाराधीन बंदी पुलिस सुरक्षा को ठेंगा दिखाते हुए फरार हो गया। फरार कैदी की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र निवासी अमृत साह के पुत्र फेकन कुमार के रूप में हुई है। फेकन कुमार पर लूटकांड सहित कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। 24 जून को पुलिस मुठभेड़ (हाफ एनकाउंटर) के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।


चार-चार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के बावजूद हुई बड़ी चूक

चौंकाने वाली बात यह है कि कैदी वार्ड में फेकन कुमार की कड़ी निगरानी के लिए चार-चार सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था। इसके बावजूद शातिर अपराधी जवानों को चकमा देकर भागने में सफल रहा। चार पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बाद भी अपराधी के इस तरह फरार हो जाने से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस महकमे की चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


एसपी अमित रंजन का कड़ा एक्शन: 4 पुलिसकर्मी निलंबित

घटना की जानकारी मिलते ही सीतामढ़ी के एसपी अमित रंजन ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में कैदी वार्ड की सुरक्षा में तैनात चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। इसके साथ ही फरार अपराधी की दोबारा गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम (Special Team) का गठन भी कर दिया गया है।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, छापेमारी तेज

घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास की मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधी के भागने की दिशा और उसकी मदद करने वाले सहयोगियों का सुराग लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

सीतामढ़ी से अविनाश कुमार की रिपोर्ट