बिहार निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कार में 1.45 लाख रिश्वत लेते जूनियर इंजीनियर को दबोचा

बिहार के सीतामढ़ी में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर परिषद जनकपुर रोड के कनीय अभियंता (JE) विजय कुमार शर्मा को अपनी ही कार में ठेकेदार से 1.45 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

बिहार निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कार में 1.45 लाख रिश्व
कार में 1.45 लाख रिश्वत लेते जूनियर इंजीनियर को दबोचा - फोटो : news 4 nation

बिहार के सीतामढ़ी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी विभाग की टीम ने नगर परिषद जनकपुर रोड कार्यालय के कनीय अभियंता (JE) विजय कुमार शर्मा को 1.45 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर में हुई इस अचानक कार्रवाई से वहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया।


अपनी ही कार में घूस लेते धराए अभियंता

निगरानी विभाग पटना की टीम ने कनीय अभियंता को उस समय दबोचा, जब वे अपनी ही कार में बैठकर रिश्वत की मोटी रकम ले रहे थे। छापेमारी का नेतृत्व कर रहे डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पुपरी निवासी ठेकेदार राजभूषण प्रसाद से विभागीय कार्य के भुगतान के एवज में पारितोषिक (रिश्वत) के रूप में यह राशि मांगी गई थी। ठेकेदार की शिकायत का सत्यापन करने के बाद विभाग ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की और मौके से नकद राशि भी बरामद कर ली।


एक अन्य संदिग्ध भी हिरासत में

कार्रवाई के दौरान निगरानी विभाग की टीम कनीय अभियंता के साथ कार में मौजूद ऋषि नामक एक अन्य युवक को भी पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर गई है। हालांकि, डीएसपी ने अभी तक उस युवक की आधिकारिक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है और उससे पूछताछ की जा रही है कि इस घूसकांड में उसकी क्या भूमिका थी।


मुजफ्फरपुर कोर्ट में होगी पेशी

मामले की जानकारी देते हुए निगरानी डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार कनीय अभियंता विजय कुमार शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी अभियंता को मुजफ्फरपुर के विशेष निगरानी न्यायालय (कोर्ट) में पेश किया जाएगा, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।