Bihar Electric Shock Death: भोर के अंधेरे में मौत का करंट, धान के खेत में बिछे तार ने ली 3 जान, पति-पत्नी समेत 3 की मौत
Bihar Electric Shock Death:एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ...
Bihar Electric Shock Death: सीतामढ़ी के बैरगनिया प्रखंड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अख्ता पश्चिमी चकवा पंचायत के तकिया टोला, वार्ड-5 में धान के खेत में बिछाए गए नंगे बिजली के तार की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है और मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है।
मृतकों की पहचान सलाम मंसूरी, उनकी पत्नी रुबैदा खातून और हसमत अंसारी के रूप में हुई है। हादसा शुक्रवार अहले सुबह करीब चार बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तकिया टोला का एक दंपती अपनी खोई हुई भैंस की तलाश में कुछ ग्रामीणों के साथ घर से निकला था। उस वक्त इलाके में घना अंधेरा और भोर का धुंधलका था। इसी वजह से धान के खेत में बिछे नंगे बिजली के तार का किसी को अंदाजा नहीं लगा।जैसे ही ग्रामीण खेत में दाखिल हुए, वे तेज करंट की चपेट में आ गए। अचानक बिजली का झटका लगने से अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बचने की कोशिश में एक के बाद एक लोग करंट की चपेट में आते चले गए। देखते ही देखते पति-पत्नी समेत तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उनके साथ मौजूद तीन अन्य ग्रामीण भी बुरी तरह झुलस गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह घायलों को वहां से निकालकर बैरगनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।घटना के बाद अख्ता पश्चिमी चकवा पंचायत में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही हादसे में पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों ने खेत में इस तरह नंगे बिजली के तार बिछाए जाने को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग की गई है।फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि खेत में करंट प्रवाहित तार किसने और किन परिस्थितियों में बिछाया था। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ होगी। लेकिन इस घटना ने खेतों और ग्रामीण इलाकों में बिजली के तारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।