Bihar Election 2025 : अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद महिलाओं का फूटा गुस्सा, भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन, पार्टी के बहिष्कार की दी धमकी
SITAMARHI : भाजपा प्रत्याशी सुनील कुमार पिंटू का कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। गुरुवार को शहर की कई महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरकर प्रत्याशी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने भाजपा नेतृत्व से मांग की कि ऐसे प्रत्याशी को तुरंत बदल दिया जाए, अन्यथा वे आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का बहिष्कार करेंगी।
विरोध प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि वे हमेशा से भाजपा की समर्थक और नियमित मतदाता रही हैं, लेकिन इस बार पार्टी के प्रत्याशी के आचरण ने उन्हें गहराई से आहत किया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भाजपा जैसी बड़ी और अनुशासित पार्टी से ऐसे व्यक्ति को टिकट मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ किसी व्यक्ति की छवि का नहीं, बल्कि पूरे समाज में महिलाओं के सम्मान से जुड़ा प्रश्न है।
महिलाओं ने हाथों में महिलाओं का सम्मान देश का अभिमान, शोषण करने वालों को टिकट नहीं, और भाजपा, अपना प्रत्याशी बदलो जैसे नारे लिखी तख्तियां थाम रखी थीं। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से भाजपा की नीतियों पर भरोसा करती आई हैं, लेकिन यदि पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को आगे बढ़ाएगी, तो वे मजबूर होकर किसी अन्य विकल्प की ओर देख सकती हैं।
प्रदर्शन में शामिल सामाजिक कार्यकर्ता रश्मि देवी ने कहा कि भाजपा को तत्काल इस पर संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा, हम प्रधानमंत्री मोदी जी की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की नीति में विश्वास करती हैं, लेकिन जब उसी पार्टी से जुड़ा कोई नेता महिलाओं का अपमान करता है, तो यह नीति खोखली लगने लगती है। इसी क्रम में कई युवतियों ने भी कहा कि अब समय आ गया है जब महिलाओं को केवल वोट बैंक समझना बंद किया जाए। वे चाहती हैं कि राजनीति में चरित्र और नैतिकता को प्राथमिकता दी जाए।
सीतामढ़ी से अविनाश की रिपोर्ट