Siwan Crime: दबंगई का खौफनाक खेल! दुकान में घुसकर महिला को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, दोनों हाथ टूटे; लाखों की लूट का आरोप
Siwan Crime: सिवान के मदारपुर गांव में किराना दुकान में तोड़फोड़, मारपीट और लूट का आरोप लगा है। महिला ने 10 लोगों के खिलाफ शिकायत FIR। दोनों हाथ टूटने का दावा किया है।
Siwan Crime: लकड़ी नवीगंज थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव में एक किराना दुकान में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में एक महिला के दोनों हाथ टूटने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी ननद को भी बुरी तरह पीटने की शिकायत की गई है। घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी सामने आए हैं, जिनमें महिलाओं के साथ मारपीट और उनके शरीर पर लगी चोटें दिखाई दे रही हैं।
मदारपुर निवासी अफसाना खातून (43), पति इफ्तेखार हुसैन ने लकड़ी नवीगंज थाने किए गए FIR में गांव के शाहिद अली (35), मजीद अली (32) समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। FIR के मुताबिक, सभी लोग हथियार और लाठी-डंडे से लैस होकर उनकी किराना दुकान पर पहुंचे और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। अफसाना खातून का आरोप है कि जब उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ और लूटपाट का विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। लाठी से हमला किए जाने के कारण उनके दोनों हाथ टूटने का दावा आवेदन में किया गया है। महिला के शोर मचाने पर उनकी ननद अजमेरी खातून, पति इरशाद अहमद उन्हें बचाने पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी सभी लोगों ने बुरी तरह मारपीट की।
तीन लाख रुपये लूटने का आरोप
पीड़िता ने आवेदन में बताया है कि किराना दुकान की बिक्री से प्राप्त रकम के अलावा मकान की छत ढलवाने के लिए जमीन बेचकर तीन लाख रुपये रखे गए थे। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान में रखे ये रुपये भी लूट लिए। इसके अलावा अजमेरी खातून के दोनों कानों से सोने के झुमके निकाल लेने का भी आरोप लगाया गया है। आवेदन में झुमकों की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई है।
वीडियो और तस्वीरों में दिखी मारपीट
घटना के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में महिलाओं के साथ हुई मारपीट और उनके शरीर पर लगी चोटों के निशान दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने इन वीडियो और तस्वीरों को पुलिस के समक्ष साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत करने की बात कही है। तस्वीरों और वीडियो में दिखाई दे रही चोटों की वास्तविक चिकित्सकीय स्थिति मेडिकल जांच और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
10 लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता की ओर से थाने मे दिए गए आवेदन में कुल 10 लोगों के नाम होने की बात कही गई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सभी लोग एक साथ हथियार और लाठी-डंडे लेकर पहुंचे थे और दुकान में तोड़फोड़ के बाद महिलाओं के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद गांव में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट