25वीं नेशनल कराटे चैंपियनशिप: हरिद्वार में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे सुपौल के खिलाड़ी, खेल अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

25वीं आईएसकेएफ (ISKF) इंडिया नेशनल कराटे चैंपियनशिप एवं मास्टर कैंप-2026 के लिए सुपौल के खिलाड़ियों का दल बुधवार को उत्साह के साथ हरिद्वार रवाना हो गया। यह चैंपियनशिप 1 से 4 अक्टूबर तक हरिद्वार स्थित गुरु मंडल आश्रम में आयोजित होना है....

25वीं नेशनल कराटे चैंपियनशिप: हरिद्वार में बिहार का प्रतिनिध
25वीं नेशनल कराटे चैंपियनशिप के लिए सुपौल से टीम रवाना- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित गुरु मंडल आश्रम में 1 से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली 25वीं आईएसकेएफ (ISKF) इंडिया नेशनल कराटे चैंपियनशिप एवं मास्टर कैंप-2026 के लिए सुपौल के खिलाड़ियों का दल बुधवार को उत्साह के साथ रवाना हो गया। 'ड्रैगन कराटे एकेडमी' और 'डिस्ट्रिक्ट कराटे एसोसिएशन ऑफ सुपौल' के ये प्रतिभावान खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर संपूर्ण बिहार राज्य की टीम का हिस्सा बनकर काटा (Kata) और कुमिते (Kumite) स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


2 से 4 अक्टूबर तक होंगे विशेष प्रशिक्षण और मुख्य मुकाबले

आयोजन के तय कार्यक्रम के अनुसार, 2 और 3 अक्टूबर को 'मास्टर कैंप' आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से आए विशेषज्ञ प्रशिक्षक खिलाड़ियों को कराटे की उन्नत तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद 4 अक्टूबर को मुख्य चैंपियनशिप के तहत विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में काटा और कुमिते के बीच कड़े मुकाबले खेले जाएंगे।


खेल अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

सुपौल से रवाना हुए खिलाड़ियों के दल को जिला खेल पदाधिकारी मुकेश कुमार यादव, जिला कराटे संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव, महासचिव अनिल कुमार, विजय शंकर चौधरी, अनुनय ठाकुर एवं प्रभात कुमार सिंह सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रवानगी के समय 'जय बिहार' के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा और उपस्थित अधिकारियों व अभिभावकों ने खिलाड़ियों को अनुशासित रहकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट