श्राद्ध कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
बिहार मे रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आएदिन प्रदेश के किसी न किसी जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर मिलना आम बात हो गई है। ताजा मामला सुपौल से सामने आया है, जहां तेज रफ्तार वाहन के चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई....
Supaul : जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बधैली के समीप एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक रघुनाथपुर गांव में एक रिश्तेदार के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस अपने घर पोथिया गोविंदपुर लौट रहा था। उसी दौरान बधैली के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
मृतक युवक की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के पोथिया गोविंदपुर पंचायत (वार्ड नंबर-7) निवासी उपेंद्र मंडल के पुत्र दिलखुश कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद दिलखुश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगा। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पहुंचे परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे एम्बुलेंस द्वारा त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार सुमन ने स्वास्थ्य जांच के उपरांत युवक को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि अत्यधिक चोट लगने और रक्तस्राव होने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच में जुटी, गांव में पसरा सन्नाटा
घटना की जानकारी मिलते ही त्रिवेणीगंज थाना पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके फरार चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं, घटना की खबर पोथिया गोविंदपुर गांव पहुंचते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल व्याप्त है।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट