दीपावली और छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट: अवैध पटाखों की बिक्री से लेकर एलपीजी सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल तक सख्त निगरानी

दीपावली और छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट: अवैध पटाखों की बिक
दीपावली और छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : आगामी दीपावली, लोक आस्था के महापर्व छठ और अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण तथा सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुपौल जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने जिलाधिकारी कार्यालय वेश्म में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और ट्रैफिक प्रबंधन की विस्तृत जानकारी साझा की। (रिपोर्ट: विनय कुमार मिश्र, सुपौल)


अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक, अस्थायी लाइसेंस जारी करने के निर्देश

डीएम सावन कुमार ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर पटाखों की बिक्री और भंडारण केवल निर्धारित नियमों तथा वैध अनुज्ञप्ति के तहत ही किया जा सकेगा। इसके लिए अधिकतम 30 दिनों की अवधि के लिए अस्थायी लाइसेंस (प्रपत्र LE-5) जारी करने के हेतु सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO) को अधिकृत किया गया है। विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे सुरक्षा मानकों और नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।


व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर चलेगा विशेष अभियान

त्योहारों के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों, ढाबों और स्ट्रीट फूड स्टॉलों पर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अनधिकृत उपयोग को रोकने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। नियम उल्लंघन पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी। इसके साथ ही, गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित सिलेंडर वितरण सुनिश्चित करें ताकि त्योहारी सीजन में कोई किल्लत न हो।


विधि-व्यवस्था को लेकर 6,027 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई, 64 डीजे जब्त

एसपी शरथ आर.एस. ने बताया कि जिले में शांति बनाए रखने के लिए अब तक व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई है। जिले भर में बीएनएसएस (BNSS) की धारा 126 के तहत 6,027 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 2,183 लोगों को बॉन्ड डाउन कराया गया है। इसके अलावा तेज आवाज और नियमों का उल्लंघन करने वाले 64 डीजे जब्त किए गए हैं तथा 170 डीजे संचालकों पर बॉन्ड डाउन की कार्रवाई की गई है। देर रात पुलिस गश्ती बढ़ाने और डायल-112 की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


छठ घाटों पर पुलिस बल तैनात, प्रमुख बाजारों में सुगम ट्रैफिक व्यवस्था

छठ घाटों, पूजा स्थलों और वहां तक जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। इसके अतिरिक्त पिपरा, निर्मली और त्रिवेणीगंज सहित जिले के प्रमुख बाजारों में त्योहारी भीड़ को देखते हुए सुचारु यातायात प्रबंधन और पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से पटाखों का सुरक्षित इस्तेमाल करने तथा त्योहारों को आपसी सौहार्द व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट