डीएम ने भूमि विवाद की सुनवाई के बाद विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्र-छात्राओं से संवाद कर लिया पढ़ाई का फीडबैक
Supaul : जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को निर्मली अंचल अंतर्गत एक उच्च माध्यमिक विद्यालय में चल रहे भूमि विवाद से संबंधित मामले की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने मामले की वस्तुस्थिति की बारीकी से जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विद्यालय का निरीक्षण और शिक्षकों के लेसन प्लान की जांच
सुनवाई के बाद जिलाधिकारी ने उक्त विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने सभी शिक्षकों के 'लेसन प्लान' की भी गहनता से जांच की और शिक्षण कार्य से जुड़ी जरूरी जानकारी प्राप्त की।
छात्र-छात्राओं से संवाद कर लिया पढ़ाई का फीडबैक
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था तथा विद्यालय से संबंधित विभिन्न विषयों पर बातचीत की। साथ ही, विद्यार्थियों को उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी लेते हुए नियमित रूप से मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
अंचल अधिकारी को स्थल जांच और रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्मली के अंचल अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालय से संबंधित भूमि विवाद की भौतिक रूप से स्थल जांच कराई जाए। इसके साथ ही, संबंधित सभी आवश्यक अभिलेखों की जांच करते हुए मामले की वास्तविक स्थिति से संबंधित प्रतिवेदन जल्द से जल्द समर्पित करने को कहा गया।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट