Supaul Chachari Bridge: सुपौल में जर्जर चचरी पुल पर 90 रुपये की अवैध वसूली! ग्रामीणों में नाराजगी, कार्रवाई की मांग

Supaul Chachari Bridge: बिहार के सुपौल में जर्जर चचरी पुल से गुजरने पर 90 रुपये की अवैध वसूली का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की है।

Supaul Chachari Bridge
अवैध वसूली के मामले से हड़कंप!- फोटो : news4nation

Supaul Chachari Bridge: बिहार के सुपौल जिले के गोपालपुर सिरे पंचायत से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां जर्जर चचरी (बांस-बल्लियों से बना अस्थायी) पुल पर लोगों से अवैध रूप से 90 रुपये वसूले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि महज करीब 50 मीटर लंबे इस टूटे-फूटे पुल से गुजरने के लिए जबरन टिकट के नाम पर उगाही की जा रही है।

यह इलाका राज्य सरकार के मंत्रीविजेंद्र प्रसाद यादव के क्षेत्र में आता है। लोगों का आरोप है कि जर्जर पुल के नाम पर खुलेआम लूट हो रही है, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि अगर इस पुल पर कोई बड़ा हादसा हो जाता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

मजबूरी में अस्थायी चचरी पुल का इस्तेमाल

बताया जा रहा है कि पास में ही करीब 12 किलोमीटर लंबा नेशनल हाईवे का पुल बकौर से भेजा तक निर्माणाधीन है। इसके बावजूद लोग मजबूरी में इस अस्थायी चचरी पुल का इस्तेमाल कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस पुल के निर्माण के लिए जिला प्रशासन से आधिकारिक अनुमति भी नहीं ली गई है। इसके बावजूद कुछ लोग खुद को मालिक बताकर वहां से गुजरने वाले राहगीरों से 90 रुपये वसूल रहे हैं।

अवैध उगाही पर रोक लगाने की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध उगाही पर तुरंत रोक लगाई जाए और जर्जर पुल को बंद कर सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि पुल की हालत बेहद खराब है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके।

 सुपौल की रिपोर्ट