इंडो-नेपाल सीमा से सटे वीरपुर को मिली पर्यटन की बड़ी सौगात, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने किया 'मानसरोवर झील' का उद्घाटन

सुपौल जिले में वर्षों के इंतजार के बाद आधुनिक सुविधाओं से लैस मानसरोवर झील आम लोगों और पर्यटकों के लिए बुधवार को खोल दिया गया। मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने इसका लोकार्पण किया....

इंडो-नेपाल सीमा से सटे वीरपुर को मिली पर्यटन की बड़ी सौगात,
सुपौल को मिली बड़ी सौगात- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के इंडो-नेपाल सीमा से सटे वीरपुर को पर्यटन के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। वर्षों से उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रही 'मानसरोवर झील' को बुधवार को विधिवत रूप से आम लोगों और पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने इसका लोकार्पण किया। इस भव्य समारोह में पूर्व मंत्री सह छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू, त्रिवेणीगंज विधायक सोनम रानी सरदार, पिपरा विधायक रामविलास कामत, जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस, जिला वन पदाधिकारी आतिश कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


बोटिंग घाट, जापानी गार्डन और लेक आइलैंड जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है परिसर

मानसरोवर झील को एक आधुनिक और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां आने वाले पर्यटकों के मनोरंजन और सुकून के लिए बोटिंग और बोटिंग घाट, जापानी गार्डन, कैफेटेरिया, मेडिसिनल गार्डन, बटरफ्लाई गार्डन, पार्टी लॉन एवं लेक आइलैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और लिली पॉन्ड जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं तैयार की गई हैं। प्राकृतिक वातावरण के बीच अब सैलानी झील की सैर के साथ यादगार पल बिता सकेंगे।


वर्ष 2020 में शुरू हुई थी पुनरुद्धार की योजना, राशि की कमी से बीच में रुका था कार्य

विभागीय जानकारी के अनुसार, मानसरोवर झील के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण की महत्वाकांक्षी योजना वर्ष 2020 में तत्कालीन वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा वर्तमान स्थानीय विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू की पहल पर शुरू की गई थी। शुरुआत में इसके लिए करीब 10 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि उपलब्ध कराई गई थी, जबकि बाउंड्री निर्माण के लिए 1.20 करोड़ रुपये अतिरिक्त आवंटित किए गए थे। बीच में राशि के अभाव के कारण करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा होने के बाद निर्माण रुक गया था, जिसे बाद में शेष राशि आवंटित कर पूर्ण कराया गया।


नेपाल सहित कोसी-सीमांचल के पर्यटकों को करेगा आकर्षित, स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मानसरोवर झील के पर्यटन केंद्र के रूप में शुरू होने से सुपौल के साथ-साथ अररिया, सहरसा और पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही होटल, रेस्तरां, स्थानीय दुकानदारों और वाहन चालकों के कारोबार में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। जिला प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ख्याल रखने की बात कही है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट