सोमवार से लापता व्यक्ति की सुनसान जगह से बरामद हुई लाश, गला दबाकर हत्या की आशंका

सुपौल जिले में सोमवार शाम से लापता व्यक्ति की मंगलवार को सुनसान जगह से लाश बरामद हुई। मृतक के गले में गमछा लिपटा हुआ था, जिससे उसके गला घोंटकर हत्या किये जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.....

सोमवार से लापता व्यक्ति की सुनसान जगह से बरामद हुई लाश, गला
सोमवार से लापता व्यक्ति बरामद हुई लाश- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छातापुर-चुन्नी पंचायत की सीमा पर स्थित भिसी में मंगलवार को एक सुनसान स्थान से व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छातापुर पंचायत के वार्ड नंबर-11 निवासी रामप्रीत मुखिया के 40 वर्षीय पुत्र फूलचंद मुखिया के रूप में की गई है। प्रथम दृष्टया गमछे से गला घोंटकर युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।


सोमवार शाम से लापता थे फूलचंद, सुबह मजदूरों ने देखा शव

परिजनों के अनुसार, फूलचंद सोमवार की शाम करीब सात बजे घर से निकले थे, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। मंगलवार सुबह 10 बजे के करीब जब स्थानीय मजदूर खेतों की तरफ जा रहे थे, तब उनकी नजर सुनसान जगह पर पड़े शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।


गले में लिपटा मिला गमछा, मौके से शर्ट और चप्पल बरामद

सूचना पर पहुंची छातापुर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के गले में गमछा लिपटा हुआ था तथा चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि हत्या से पहले उनके साथ मारपीट की गई होगी। पुलिस को घटनास्थल से एक काले रंग की शर्ट और अलग-अलग जगहों से चप्पलें बरामद हुई हैं। आशंका है कि वारदात के बाद आरोपी हड़बड़ी में अपना सामान छोड़ भागे।


एसडीपीओ ने लिया जायजा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ दिलीप कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक फूलचंद मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वे अपने पीछे पत्नी चंपा देवी, दो बेटों और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।


जांच में जुटी पुलिस

छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या का लग रहा है। पुलिस साक्ष्यों को इकट्ठा कर सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट