सड़क किनारे धान के खेत से अज्ञात अधेड़ का शव बरामद, इलाके मे सनसनी
Supaul : जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरा दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर 5 में बुधवार को एक सड़क किनारे धान के खेत में पानी के अंदर अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर तेजी से फैली, जिससे घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच, सुपौल सदर अस्पताल भेजा गया शव
सूचना मिलते ही पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और जरूरी जांच-पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया है।
दुर्गापूजा में फूल बेचकर करता था गुजारा, अभी तक नहीं हुई पहचान
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मृतक दुर्गापूजा के अवसर पर फूल तोड़कर शहरी क्षेत्रों में बेचने का काम करता था। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान और उसके मूल निवास स्थान के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि मृतक ने बैंगनी रंग का हाफ पैंट और काले-सफेद चेकदार शर्ट पहन रखी थी।
मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संभव
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों और कारणों से हुई है। पुलिस हत्या, दुर्घटना या अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा, साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास भी जारी हैं।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट